ऑस्ट्रेलिया की सेमीफाइनल में एंट्री, टीम इंडिया के लिए संघर्ष भरी राह — जानें पूरा गणित

0

नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका में चल रहे महिला वर्ल्ड कप 2025 में पहली सेमीफाइनलिस्ट टीम का नाम तय हो गया है। सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने अपने शुरुआती पांच मैचों में अजेय रहते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अंक तालिका में भी ऑस्ट्रेलिया के नाम के सामने ‘Q’ (Qualify) का संकेत दिखाई दे रहा है। वहीं, भारतीय टीम के लिए अभी स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हुई है और टीम को अंतिम चार में जगह बनाने के लिए अभी कई अहम मुकाबले जीतने होंगे, जिससे दबाव और चुनौती अभी भी बरकरार है।

अगर अंक तालिका पर नजर डालें तो भारतीय टीम अभी भी चौथे स्थान पर है। जबकि टॉप पर रहते हुए ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। लीग स्टेज के अंत में अंक तालिका की टॉप 4 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। अभी दूसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड भी मजबूत स्थिति में है और उसे बचे हुए तीन मैचों में से सिर्फ एक जीत सेमीफाइनल में एंट्री करवा देगी। जबकि तीसरे स्थान पर मौजूद है साउथ अफ्रीका जिसने अभी तक चार में से तीन मैच जीते हैं और उसके छह अंक हैं।

भारत की राह सेमीफाइनल तक अब भी आसान नहीं

अगर भारतीय टीम की बात करें तो उसने चार में से दो मैच जीते हैं और दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है। अब बचे हुए मैच में उसका सामना होगा इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश से। 19 अक्टूबर को इंग्लैंड से होने वाली भिड़ंत में भारत के लिए हर हाल में जीतना जरूरी है। अगर यहां से एक भी हार भारत को मिली तो उसकी सेमीफाइनल की नांव डगमगा सकती है।

अगर आंकड़ों के हिसाब से चलें तो साउथ अफ्रीका को बचे हुए मैच अभी श्रीलंका, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया से खेलने हैं। तीन में से एक भी जीत उसके लिए सेमीफाइनल का टिकट ला सकती है। जिसमें से पाकिस्तान और श्रीलंका पर प्रोटियाज का पलड़ा भारी दिख रहा है। इस लिहाज से यह टीम अंतिम 4 में लगभग जाने को तैयार है। वहीं इंग्लैंड को बचे हुए तीन में से एक मैच जीतना है जो भारत, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड से होने हैं।

यानी ऑस्ट्रेलिया के बाद इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका इस तरह सेमीफाइनल में एंट्री कर सकते हैं। वहीं अगर भारत की बात करें तो उसे बचे हुए तीन में से दो मैच हर हाल में जीतने होंगे। इंग्लैंड से टीम का सामना रविवार को होगा। उसके बाद न्यूजीलैंड और बांग्लादेश से भिड़ंत होनी है। ऐसे में भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा बन सकता है न्यूजीलैंड।

न्यूजीलैंड ने क्यों बढ़ाई टीम इंडिया के लिए मुश्किलें?

अगर बात करें न्यूजीलैंड की तो उसने अब तक चार मैच खेले हैं, जिनमें से एक में जीत और दो में हार रही है, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा। यानी फिलहाल उसके पास कुल 3 अंक हैं। आगे के मैचों में न्यूजीलैंड का सामना पाकिस्तान, भारत और इंग्लैंड से होना है। परिस्थितियों के हिसाब से अगर भारतीय टीम इंग्लैंड और न्यूजीलैंड से हारती है, या न्यूजीलैंड अपने बचे हुए तीनों मुकाबले जीत लेती है, तो उसे सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा। इसलिए भारत को न केवल अपने सभी आगामी मैच जीतने हैं, बल्कि यह भी उम्मीद करनी होगी कि न्यूजीलैंड को हराया जाए, ताकि टीम इंडिया की सेमीफाइनल की राह सुनिश्चित हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here