वेस्टइंडीज सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को करारा झटका, 164 स्ट्राइक रेट वाला खिलाड़ी बाहर

0

नई दिल्ली : वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होने से पहले न्यूजीलैंड टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के इन-फॉर्म विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट उंगली में चोट लगने के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। सीफर्ट ने 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 164 से अधिक का स्ट्राइक रेट और 50 से ज्यादा का औसत बनाए रखा है। उनकी जगह न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने मिच हे को टीम में रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में शामिल किया है।

टिम सीफर्ट को नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स की ओर से फोर्ड ट्रॉफी में वेलिंगटन फायरबर्ड्स के खिलाफ बल्लेबाजी करते समय चोट लगी थी। बाद में हुए स्कैन में उनकी दाहिनी तर्जनी उंगली (index finger) में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। इस चोट पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि महत्वपूर्ण टी20 सीरीज से पहले टीम के एक प्रमुख खिलाड़ी का बाहर होना बेहद निराशाजनक है।

कोच रॉब वाल्टर ने सीफर्ट की चोट पर कही ये बात

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वाल्टर ने कहा कि टीम टिम सीफर्ट की चोट से काफी निराश है। उन्होंने कहा, “हम सभी टिम के लिए दुखी हैं। वह शीर्ष क्रम में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और विकेटकीपर की जिम्मेदारी के कारण इस टी20 टीम के महत्वपूर्ण सदस्य हैं। आने वाले पांच मुकाबलों में उनकी कमी निश्चित तौर पर महसूस होगी। हमें उम्मीद है कि टिम जल्द ही पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करेंगे।”

टिम सीफर्ट का हालिया प्रदर्शन

सीफर्ट ने 77 मैचों की 72 पारियों में 29.83 के औसत और 142.52 के स्ट्राइक रेट से 1850 रन बनाए हैं। इसमें 12 अर्धशतक शामिल हैं। 2025 में उन्होंने 16 मैचों की 14 पारियों में 50.81 के औसत और 164.41 के स्ट्राइक रेट से 559 रन बनाए हैं।

मिचे हे का हालिया प्रदर्शन

मिचे हे ने नवंबर 2024 में श्रीलंका के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। तब से अब तक उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 11 टी20 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उनके नाम एक पारी में सबसे ज्यादा 6 विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड भी दर्ज है। बल्लेबाजी की बात करें तो उन्होंने 11 मैचों की 9 पारियों में कुल 87 रन बनाए हैं, जिसमें 41 नाबाद उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत बुधवार (5 नवंबर) को ऑकलैंड के ईडन पार्क में होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here