नई दिल्ली: एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 के पहले ग्रुप मुकाबले में इंडिया ए की टीम, कप्तान जितेश शर्मा की अगुवाई में यूएई के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। यह मुकाबला वेस्ट एंड पार्क अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, दोहा में खेला जाएगा। मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार शाम 5 बजे होगी, जबकि टॉस 4:30 बजे किया जाएगा।
जितेश शर्मा की कप्तानी में मैदान में उतरेगी इंडिया ए
जितेश शर्मा की कप्तानी वाली युवा भारतीय टीम यूएई के मुकाबले काफी मजबूत नजर आ रही है और इस टीम को इस मुकाबले में जीत के लिए शायद ही ज्यादा मशक्कत करनी पड़े। भारतीय टीम में नमनधीर, नेहल वढेरा, आशुतोष शर्मा जैसे बल्लेबाज हैं जो अपनी ताबड़तोड़ बैटिंग के लिए जाने जाते हैं।
जितेश शर्मा पहली बार इस टूर्नामेंट में इंडिया ए की कप्तानी करने जा रहे हैं और उन पर काफी जिम्मेदारी रहने वाली है। इस मैच में भारत के लिए पारी की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी के साथ प्रियांश आर्या कर सकते हैं और कमाल की बात ये है कि ये दोनों बल्लेबाज अपनी आक्रामक बैटिंग के लिए जाने जाते हैं और अगर दोनों चल पड़े तो यूएई का हाल बेहाल कर देंगे।
भारतीय बल्लेबाजी क्रम में तीसरे नंबर पर नमनधीर, चौथे स्थान पर नेहल वढेरा और पांचवें नंबर पर कप्तान जितेश शर्मा के उतरने की संभावना है। फिनिशर की भूमिका में छठे नंबर पर आशुतोष शर्मा नजर आ सकते हैं। उनके बाद रमनदीप सिंह और हर्ष दुबे टीम को मजबूती देंगे। तेज गेंदबाज़ी में सुयांश शर्मा और यश ठाकुर में से किसी एक को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है, जबकि अन्य गेंदबाज़ों में गुरजपनीत सिंह और विजयकुमार वैश्य के खेलने की उम्मीद है।
यूएई के खिलाफ मैच के लिए इंडिया ए की प्लेइंग इलेवन
प्रियांश आर्या, वैभव सूर्यवंशी, नमन धीर, नेहल वढेरा, जितेश शर्मा (कप्तान, विकेटकीपर), आशुतोष शर्मा, रमनदीप सिंह, हर्ष दुबे,सुयश शर्मा/यश ठाकुर, गुरजपनीत सिंह, विजयकुमार वैश्य


