नई दिल्ली: अभिनव देशवाल और प्रांजलि प्रशांत धूमल ने बुधवार को टोक्यो में चल रहे बधिर ओलंपिक की निशानेबाजी प्रतियोगिता में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम इवेंट में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, कुशाग्र सिंह राजावत ने 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। इसके साथ ही भारतीय निशानेबाजों ने 25वें बधिर ओलंपिक में अपना शानदार प्रदर्शन लगातार जारी रखा। अब तक भारतीय शूटर्स इस प्रतियोगिता में कुल 11 पदक अपने नाम कर चुके हैं।
अभिनव और प्रांजलि ने चीनी ताइपे के या-जू काओ और मिंग-जुई ह्सू को 16-6 से हराकर शानदार जीत दर्ज की और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। दिन की दूसरी स्पर्धा में भारतीय निशानेबाज कुशाग्र सिंह राजावत ने 224.3 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। इस इवेंट में यूक्रेन के दिमित्रो पेट्रेंको ने 251.0 अंक के साथ बधिर विश्व और ओलंपिक रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि जर्मनी के कोलिन म्यूएलर ने 245.4 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया।
अभिनव और प्रांजलि ने स्वर्ण पदक मुकाबले में शुरू से ही दबदबा बनाए रखा और अपने प्रतिद्वंद्वियों को पलटवार करने का मौका नहीं दिया। इससे पहले इस जोड़ी ने क्वालीफिकेशन राउंड में अपने ही बधिर विश्व और ओलंपिक रिकॉर्ड के बराबर प्रदर्शन किया था। भारतीय जोड़ी ने कुल 569 अंक बनाए, जिसमें अभिनव का योगदान 287 अंक और प्रांजलि का योगदान 282 अंक रहा। क्वालीफिकेशन में भी इस जोड़ी ने पहला स्थान हासिल किया था।
इससे पहले अभिनव और प्रांजलि ने सोमवार को व्यक्तिगत इवेंट में भी रजत पदक अपने नाम किया था। महिला व्यक्तिगत चैंपियन अनुया प्रसाद और रुद्र विनोद कुमार की दूसरी भारतीय जोड़ी ने क्वालीफिकेशन में 553 के संयुक्त स्कोर के साथ सातवां स्थान हासिल किया। ईरान की जोड़ी महला सामी और बिजन गफ़ारी ने यूक्रेन की सोफिया ओलेनिच और ऑलेक्ज़ेंडर कोलोडी को हराकर कांस्य पदक जीता। भारत के लिए अभी और कई पदकों की उम्मीदें हैं। माहित संधू और नताशा जोशी गुरुवार को 50 मीटर थ्री पोजीशन महिला स्पर्धा में हिस्सा लेंगी। माहित पहले ही 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम और व्यक्तिगत इवेंट में क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीत चुके हैं।


