नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया ने एशेज 2025-26 के पहले टेस्ट के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन घोषित कर दी है। इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत में टीम की कमान स्टीव स्मिथ संभालेंगे। इस मुकाबले में ओपनर जेक वेदराल्ड और तेज गेंदबाज ब्रेंडन डॉगेट को टेस्ट करियर का पहला मौका मिला है, और दोनों स्मिथ की कप्तानी में अपना डेब्यू करने उतरेंगे।
ख्वाजा के संग पारी की शुरुआत करेंगे वेदराल्ड
पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के लिए पारी की शुरुआत जेक वेदराल्ड और उस्मान ख्वाजा करेंगे, जबकि नंबर तीन पर मार्नस लाबुशेन उतरेंगे। लाबुशेन के इस स्थान पर खेलने से कैमरन ग्रीन को छठे नंबर पर भेजा गया है, जहाँ वे टीम के लिए एक अहम ऑलराउंड विकल्प भी साबित होंगे। जोश हेज़लवुड हैमस्ट्रिंग चोट के कारण बाहर हैं, और माना जा रहा था कि ब्रेंडन डॉगेट को उनकी जगह टीम में शामिल किया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दिलचस्प बात यह है कि जेक वेदराल्ड टेस्ट क्रिकेट में ख्वाजा के सातवें ओपनिंग पार्टनर बनेंगे।
2019 की शुरुआत में श्रीलंका के खिलाफ कर्टिस पैटरसन और झाई रिचर्डसन के डेब्यू के बाद यह पहली बार होगा जब ऑस्ट्रेलिया एक ही टेस्ट में दो नए खिलाड़ियों को उतारेगा। पहले टेस्ट मैच में कंगारू टीम के लिए चौथे नंबर पर स्टीव स्मिथ खेलते नजर आएंगे जबकि ट्रेविस हेड 5वें स्थान पर होंगे। विकेटकीपर एलेक्स कैरी सातवें स्थान पर खेल सकते हैं जबकि गेंदबाजी की जिम्मेदारी मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, स्कॉट बोलैंड और ब्रेंडन डॉगेट के हाथों में होगी।
हले टेस्ट मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन
उस्मान ख्वाजा, जेक वेदरल्ड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ (कप्तान), ट्रेविस हेड, कैमरून ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, स्कॉट बोलैंड, ब्रेंडन डॉगेट।
पहले टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड की 12 सदस्यीय टीम
बेन स्टोक्स (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, हैरी ब्रूक, ब्रायडन कार्से, जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), मार्क वुड।


