खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स: सरबजोत को बड़ा झटका, बीटेक छात्र ने जीता गोल्ड

0

जयपुर: खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में रविवार, 30 नवंबर 2025 को जयपुर में आयोजित मुकाबले के दौरान एक बड़ा उलटफेर सामने आया। निशानेबाजी की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता सरबजोत सिंह गोल्ड जीतने में पीछे रह गए। वहीं दूसरी ओर, गुंटूर स्थित कोनेरू लक्ष्मैया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग और कोनेरू लक्ष्मैया यूनिवर्सिटी (KLEF University) के बीटेक छात्र मुकेश नेलवल्ली ने बेहतरीन सटीकता और धैर्य का परिचय देते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।

सरबजोत ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। इस स्पर्धा का रजत पदक भी पंजाब यूनिवर्सिटी के खाते में गया। पंजाब यूनिवर्सिटी के आदित्य मालरा ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। सरबजोत और आदित्य मालरा ने पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल टीम इवेंट में रजत पदक जीता। वहीं मुकेश नेलवल्ली पुरुष 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल टीम इवेंट में रजत पदक अपने नाम किया।

गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी शीर्ष पर

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में अब तक के प्रदर्शन की बात करें तो अमृतसर स्थित गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी शीर्ष पर है। उसने अब तक 51 पदक जीते हैं, जिनमें 30 गोल्ड, 10 सिल्वर और 11 ब्रॉन्ज मेडल हैं।

आशी चौकसी ने भी सोने पर साधा निशाना

गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी ने साइक्लिंग के बाद निशानेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा गोल्ड मेडल अपने नाम किए। रविवार को आशी चौकसी ने महिला 50 मीटर राइफल 3 पोज़िशन स्पर्धा में बेहतरीन स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता। इसी इवेंट में सिफ्त कौर सामरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर महिला 50 मीटर राइफल 3 पोज़िशन टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल भी जीता, जिससे यूनिवर्सिटी के मेडल टैली में और बढ़ोतरी हुई।

जैन यूनिवर्सिटी का पूल में दबदबा

कर्नाटक की जैन यूनिवर्सिटी पदक तालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। जैन यूनिवर्सिटी के खिलाड़ियों ने कुल 45 पदक अपने नाम किए हैं, जिनमें 27 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य शामिल हैं। खास बात यह है कि यूनिवर्सिटी ने अपने सभी पदक तैराकी की विभिन्न स्पर्धाओं में जीते हैं। इनमें से ओलंपियन श्रीहरि नटराज ने अकेले 8 गोल्ड सहित कुल 9 मेडल हासिल किए। वे इस बार के खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में सबसे ज्यादा पदक जीतने वाले पुरुष खिलाड़ी के रूप में उभरे हैं।

श्रीहरि नटराज का जलवा: 8 गोल्ड सहित 9 मेडल पर कब्ज़ा

श्रीहरि नटराज ने (100 मीटर बैकस्ट्रोक, 50 मीटर फ्रीस्टाइल, 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले, 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले, 200 मीटर फ्रीस्टाइल, 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल मेडले रिले, 100 मीटर फ्रीस्टाइल और 50 मीटर बैकस्ट्रोक में स्वर्ण और 50 मीटर बटरफ्लाई में रजत पदक जीता।

भव्या सचदेवा सबसे ज्यादा पदक जीतने वाली महिला खिलाड़ी

महिलाओं में भव्या सचदेवा ने 6 गोल्ड मेडल (400 मीटर फ्री स्टाइल, 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले, 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले, 400 इंडिविजुअल मेडले, 800 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर फ्रीस्टाइल) जीते। वह खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 में अब तक सबसे ज्यादा पदक जीतने वाली महिला खिलाड़ी हैं।

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी तीसरे नंबर पर

तीसरे नंबर पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी है। उसके खिलाड़ियों ने अब तक 22 गोल्ड, 19 सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज मेडल समेत कुल 51 मेडल जीते हैं। कुल 30 पदकों के साथ चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (11 स्वर्ण, 11 रजत और 8 कांस्य पदक) चौथे नंबर पर, जबकि कुल 31 मेडल के साथ चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (8 गोल्ड, 13 सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज मेडल) पांचवें नंबर पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here