शुभमन गिल के गेंदबाज ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बनाया अनोखा रिकॉर्ड, 19 साल में 17 सीजन में पहली बार

0

नई दिल्ली: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में जहां वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा जैसे युवा सितारों की चर्चा हो रही है, वहीं कई अन्य गुमनाम भारतीय खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। उनमें से एक नाम अरशद खान का है, जिन्होंने मध्य प्रदेश के लिए खेलते हुए शनिवार, 6 दिसंबर को इतिहास रच दिया। उन्होंने टूर्नामेंट के 19 साल के इतिहास का सबसे बेहतरीन गेंदबाजी स्पेल फेंका।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2006-07 में शुरू हुई थी और अब तक कुल 17 सीजन खेले जा चुके हैं, लेकिन किसी ने भी इतना प्रभावशाली गेंदबाजी स्पेल नहीं फेंका। शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस के इस गेंदबाज ने 4 ओवर में एक मेडन के साथ सिर्फ 9 रन देकर 6 विकेट लेकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। उन्हें हाल ही में गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 के लिए भी रिटेन किया है।

अरशद खान के शानदार स्पेल ने मध्यप्रदेश को चौथी जीत दिलाई

मध्य प्रदेश ने अरशद खान की ऐतिहासिक गेंदबाजी की मदद से चंडीगढ़ को 7 विकेट से आसानी से हराया। यह इस टूर्नामेंट में मध्य प्रदेश की चौथी जीत है। एलीट ग्रुप बी की अंक तालिका में इस जीत के साथ मध्य प्रदेश दूसरे स्थान पर आ गई है। छह में से चार मैच जीतकर टीम ने अब तक 16 अंक जुटाए हैं। इस ग्रुप में हैदराबाद भी चार जीत और 16 अंकों के साथ टॉप पर है। मध्य प्रदेश का छठा मुकाबला शनिवार को बिहार के खिलाफ खेला जा रहा है।

खिलाड़ी ओवर मेडन रन दिए लिए गए विकेट इकॉनमी टीम विपक्ष
अरशद खान 4.0 1 9 6 2.25 मध्य प्रदेश चंडीगढ़
टी रवि तेजा 4.0 13 6 3.25 हैदराबाद छत्तीसगढ़
एआर नागवासवाला 4.0 2 13 6 3.25 गुजरात रेलवे
डीएस पूनिया 4.0 1 14 6 3.50 सर्विसेज हरियाणा
स्वप्निल सिंह 4.0 19 6 4.75 बड़ौदा सौराष्ट्र
एआर नागवासवाला 3.3 19 6 5.42 गुजरात महाराष्ट्र
वेंकटेश अय्यर 4.0 20 6 5.00 मध्य प्रदेश राजस्थान
मुख्तार हुसैन 4.0 20 6 5.00 असम छत्तीसगढ़
ऋषि धवन 3.5 23 6 6.00 हिमाचल जम्मू कश्मीर
रसिक सलाम 4.0 31 6 7.75 जम्मू कश्मीर छत्तीसगढ़
अरशद खान के करियर की झलक

अरशद खान का जन्म 20 दिसंबर 1997 को मध्यप्रदेश के गोपालगंज में हुआ था। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 27 वर्ष की उम्र में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में इतिहास रचा। इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए चंडीगढ़ की टीम ने 8 विकेट खोकर 134 रन बनाए, जिसमें मनन वोहरा ने सर्वाधिक 52 रन की पारी खेली। जवाब में मध्य प्रदेश ने 14 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया, जिसमें हर्ष गवाली ने नाबाद 74 रन की पारी खेली।

अरशद खान इससे पहले आईपीएल में मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस के लिए तीन सीजन खेल चुके हैं। उन्होंने 2023 में मुंबई के लिए 6 मैचों में 5 विकेट लिए, 2024 में लखनऊ के लिए 4 मैचों में 1 विकेट लिया और 2025 में गुजरात के लिए 9 मैचों में 6 विकेट अपने नाम किए। उनके ओवरऑल टी20 करियर में 28 मैचों में 27 विकेट और 213 रन दर्ज हैं, साथ ही उन्होंने एक अर्धशतक भी लगाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here