चेन्नई: भारत ने स्क्वाश विश्व कप में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली। अनुभवी जोशना चिनप्पा, उभरती स्टार अनाहत सिंह और दुनिया के 29वें नंबर के खिलाड़ी अभय सिंह ने इस मुकाबले में बेहतरीन खेल दिखाया। अब भारत का सामना सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन मिस्र से होगा।
जोशना ने पहले महिला एकल में टीगन रसेल को महज 13 मिनट में 3-0 (7-4, 7-4, 7-2) से हराकर भारत को अच्छी शुरुआत दी। अभय ने डेवाल्ड वैन नीकर्क पर 3-0 (7-1, 7-6, 7-1) से जीत हासिल करके बढ़त दोगुनी कर दी। टूर्नामेंट की सबसे कम उम्र की प्रतिस्पर्धी अनाहत ने हेली वार्ड के खिलाफ 3-0 (7-3, 7-3, 7-4) की आसान जीत के साथ भारत की सेमीफाइनल में जगह पक्की कर दी।
इससे पहले शीर्ष वरीय टीम मिस्र ने ऑस्ट्रेलिया को 3-0 से हराकर आसानी से सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली थी। भारत ने अपने पूल गेम में स्विट्जरलैंड और ब्राजील को हराकर शानदार शुरुआत की थी। विश्व कप में भारत का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन 2023 में रहा था, जब टीम ने कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था।


