नई दिल्ली: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला शुक्रवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जाएगा। यह रोमांचक मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। भारतीय टीम के पास सीरीज में जीत हासिल करने का मौका होगा, जबकि साउथ अफ्रीका इस मैच को जीतकर सीरीज को बराबरी पर लाना चाहेगा, जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प और निर्णायक बन जाएगा।
गिल के बाहर होने पर संजू को मिल सकता है मौका
अहमदाबाद में होने वाले इस मैच से पहले भारत के लिए बुरी खबर है कि टीम के उप-कप्तान शुभमन गिल को टो इंजरी है और उनका इस मैच में खेलना संभव नहीं लगता। गिल पहले ही चौथे मैच से बाहर हो गए थे और मोहाली मैच में भी शामिल नहीं हो पाए थे। अगर पांचवें मैच में गिल नहीं खेलते हैं, तो संजू सैमसन अभिषेक शर्मा के साथ भारत के लिए ओपन कर सकते हैं। संजू पिछले चार मैचों से इस मौके का इंतजार कर रहे हैं और अहमदाबाद का मुकाबला उनके लिए बड़ा अवसर साबित होगा।
टी20 टीम में बुमराह की वापसी संभव
अभिषेक- संजू के बाद टीम की बैटिंग लाइनअप में कप्तान सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे होंगे। इसके बाद जितेश शर्मा बैटिंग करते नजर आएंगे। इस मैच में भारतीय प्लेइंग इलेवन में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी हो सकती है और अगर ऐसा होता है तो इस बात की संभावना है कि हर्षित राणा की प्लेइंग इलेवन से छुट्टी हो जाए। टीम में दूसरे तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह हो सकते हैं जबकि कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती बतौर ओपनर टीम का हिस्सा हो सकते हैं।
सीरीज में भारत ने हासिल की 2-1 की बढ़त
5 मैचों की टी20 सीरीज में भारत फिलहाल 2-1 की बढ़त के साथ आगे है। सीरीज का चौथा मैच मोहाली में बुधवार को खेला जाना था, लेकिन घने धुंध के कारण इसे रद्द कर दिया गया। पहले मैच में भारत ने जीत हासिल की थी, जबकि दूसरे मैच में साउथ अफ्रीका ने पलटवार करते हुए जीत दर्ज की। इसके बाद तीसरे मैच में भारत ने शानदार वापसी करते हुए सीरीज में अपनी बढ़त कायम कर ली।
5वें टी20 मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।


