नई दिल्ली: गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में कुल पांच खिलाड़ियों को खरीदा। इस दौरान फ्रेंचाइजी की सबसे महंगी खरीद जेसन होल्डर रहे, जिन्हें गुजरात ने 7 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा। इसके अलावा टीम के पास पहले से ही जोश बटलर, राशिद खान और ग्लेन फिलिप्स जैसे टी20 के स्टार खिलाड़ी मौजूद हैं, जो टीम को संतुलन और मजबूती प्रदान करते हैं।
अब फ्रेंचाइजी के सामने सबसे बड़ा सवाल ओपनिंग कॉम्बिनेशन को लेकर है। पिछले सीजन गुजरात टाइटंस जोश बटलर का पूरा फायदा नहीं उठा सकी थी और पूरे टूर्नामेंट में शुभमन गिल के साथ साई सुदर्शन ने ही ओपनिंग की थी। हालांकि आगामी सीजन में अगर शुभमन गिल के साथ जोश बटलर ओपनिंग करते हैं और साई सुदर्शन को नंबर तीन पर उतारा जाता है, तो इसमें कोई हैरानी नहीं होगी।
जोश बटलर ने लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स के लिए बतौर ओपनर शानदार प्रदर्शन किया है। फ्रेंचाइजी के पास मध्यक्रम में कुमार कुशाग्र, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर और राहुल तेवतिया जैसे उपयोगी खिलाड़ी मौजूद हैं। वहीं निचले क्रम में राशिद खान और कगिसो रबाडा भी अहम मौकों पर बल्लेबाजी का योगदान देने में सक्षम हैं।