एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंडर-15 बॉयज इंटर डिविजनल क्रिकेट टूर्नामेंट एम.एम. जगदाले ट्रॉफी (तीन दिवसीय मल्टी डे) का फाइनल मुकाबला सागर के चंदू सरवटे मैदान पर भोपाल डिविजन और इंदौर डिविजन के बीच खेला गया। मैच के दूसरे और अंतिम दिन भोपाल डिविजन अपनी पहली पारी में 260 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भोपाल की ओर से ग्रंथ प्रजापति ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 92 रन बनाए। इंदौर डिविजन की गेंदबाजी प्रभावी रही, जिसमें एरिन ओझा ने 4 विकेट और सोमांश ने 3 विकेट झटके। पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर इंदौर डिविजन ने भोपाल डिविजन को पराजित कर एम.एम. जगदाले ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
उधर, भोपाल डिविजन क्रिकेट एसोसिएशन और सेज ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय जी.एस. पठानिया “सर” अंडर-18 बॉयज इंटर क्लब/अकादमी क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बाबे अली मैदान पर प्रेसिडेंट इलेवन और अरेरा क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। दो दिवसीय फाइनल के दूसरे दिन प्रेसिडेंट इलेवन ने अपने पहले दिन के स्कोर 243/5 से आगे खेलते हुए 90 ओवरों में 8 विकेट पर 356 रन बनाए। इस दौरान सिद्धांत परिहार ने 100 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए, जबकि रबजीत सिंह मल्ही ने 68 रनों का योगदान दिया। अरेरा क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में ओम शुभ मिश्रा, द्रोण श्रीवास्तव और अर्जुन शुक्ला ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में अरेरा क्रिकेट अकादमी ने दूसरी पारी में खेल समाप्ति तक 41.3 ओवरों में 3 विकेट पर 122 रन बनाए, जिसमें पीयूष सिंह ने 72 रनों की उपयोगी पारी खेली। पहली पारी की बढ़त के आधार पर प्रेसिडेंट इलेवन ने अरेरा क्रिकेट अकादमी को हराकर स्वर्गीय श्री जी.एस. पठानिया “सर” ट्रॉफी जीत ली।


