एनएसटी न्यूज, भोपाल। अंडर-12 प्रथम निखिल कुशवाह स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत रेलवे ग्राउंड, भोपाल में मंगलवार को दो मुकाबले खेले गए। दिन के दोनों मैचों में विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी और अरेरा क्रिकेट अकैडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। दिन का पहला मुकाबला विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी और रेलवे गर्वित क्रिकेट अकैडमी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर विश्वास सारंग क्रिकेट अकैडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में 113 रन बनाए। टीम की ओर से भाविक विनम्र ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 55 रन बनाए, जबकि दक्ष ने 16 रन का योगदान दिया। रेलवे गर्वित अकैडमी की ओर से सौरव ने 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे गर्वित क्रिकेट अकैडमी की टीम 23 ओवर में 63 रन पर ऑलआउट हो गई। रेलवे गर्वित की ओर से राजवीर ने 13 और सौरव ने 12 रन बनाए। विश्वास सारंग अकैडमी की गेंदबाजी प्रभावशाली रही, जिसमें विनम्र ने 4 विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह अपनी टीम के पक्ष में कर दिया। इस मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए विश्वास सारंग अकैडमी के भाविक विनम्र को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दिन का दूसरा मुकाबला अरेरा क्रिकेट अकैडमी और अकीरा क्रिकेट अकैडमी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर अकीरा क्रिकेट अकैडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में 91 रन बनाए। अकीरा की ओर से ध्रुव ने 21 और राज ने 16 रन बनाए। अरेरा क्रिकेट अकैडमी की ओर से दर्श ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि रुद्राक्ष ने 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अरेरा क्रिकेट अकैडमी ने 17 ओवर में ही जीत हासिल कर ली। अरेरा की ओर से अनिका ने 26 रन की अहम पारी खेली, जबकि जय ने 13 रन बनाए। अकीरा की ओर से उतराव, कुशल, ध्रुव और राज ने 1-1 विकेट लिया। शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए अरेरा क्रिकेट अकैडमी के दर्श को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
Home Breaking News भोपाल अंडर-12 निखिल कुशवाह स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट: विश्वास सारंग और अरेरा क्रिकेट...


