एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल के छोटे तालाब पर 14वीं राष्ट्रीय ड्रैगन बोट सीनियर व जूनियर पुरुष और महिला चैंपियनशिप का आगाज मंगलवार से होने जा रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 6 से 9 जनवरी तक चलेगी, जिसमें देशभर से एक हजार से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। मेजबान मध्य प्रदेश की 60 सदस्यीय टीम भी इस राष्ट्रीय मंच पर अपनी चुनौती पेश करेगी। प्रतियोगिता से पहले सोमवार को सभी टीमों के खिलाड़ियों ने छोटे तालाब में जमकर अभ्यास किया।
मप्र कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के सचिव मयंक ठाकुर ने बताया कि चैंपियनशिप की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। देश के विभिन्न राज्यों से आई टीमों के कोच और अधिकारियों के साथ अनौपचारिक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतियोगिता के नियमों और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतियोगिता में 2000 मीटर, 500 मीटर और 200 मीटर की स्पर्धाएं होंगी। सीनियर वर्ग में डी-10 और डी-20, जबकि जूनियर वर्ग में डी-10 इवेंट आयोजित किए जाएंगे।
चार दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रंग-बिरंगी ड्रैगन बोट और खिलाड़ियों का तालमेल दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगा। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए देशभर से 40 से अधिक तकनीकी अधिकारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ मंगलवार शाम चार बजे खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग करेंगे। इस अवसर पर विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, भारतीय कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के अध्यक्ष व एशियन कैनो फेडरेशन के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाहा, मप्र कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के अध्यक्ष पीएस बुंदेला और सचिव मयंक ठाकुर उपस्थित रहेंगे।
आज के मुकाबले:
2000 मीटर सीनियर वर्ग में पुरुष, महिला और मिक्स डी-10 व डी-20, जबकि जूनियर वर्ग में पुरुष, महिला और मिक्स डी-10 के मुकाबले खेले जाएंगे।


