मैनिट भोपाल में होगा फिट इंडिया ‘संडे ऑन साइकिल’ का 56वां एडिशन, 1200 से अधिक प्रतिभागी होंगे शामिल

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। मौलाना आज़ाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (मैनिट) में 11 जनवरी को फिट इंडिया ‘संडे ऑन साइकिल’ के 56वें एडिशन की मेजबानी करेगा। इस खास आयोजन में एथलीट, सेलिब्रिटी, फिटनेस इन्फ्लुएंसर और आम नागरिकों समेत 1200 से ज्यादा प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इस एडिशन के लिए युवा नेता विशेष पार्टनर हैं। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, अभिनेत्री पायल रोहतगी, जूडो खिलाड़ी एवं ओलंपियन गरिमा चौधरी सहित कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहेंगी। इनके साथ क्रिकेटर अनिकेत उमाशंकर वर्मा, हॉकी खिलाड़ी अब्दुल अहद, कैनो स्प्रिंट एथलीट हर्षवर्धन सिंह, जूडो खिलाड़ी श्रद्धा कडुबल चोपड़े, यश गंगहास, योगिता मांडवी और कयाकिंग एथलीट जसप्रीत सिंह भी रैली में शामिल होंगे।

फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान की शुरुआत दिसंबर 2024 में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने की थी। देखते ही देखते यह एक राष्ट्रीय जन आंदोलन बन गया है। अब तक देशभर में 2 लाख से अधिक स्थानों पर 22 लाख से ज्यादा लोग इस पहल से जुड़ चुके हैं। यह अभियान फिटनेस के साथ-साथ स्वच्छ पर्यावरण और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश देता है।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कई बार इस पहल का उल्लेख कर चुके हैं। उन्होंने कहा है कि यह अभियान स्वास्थ्य, नियमित गतिविधि और अनुशासन के साथ-साथ व्यक्तिगत और राष्ट्रीय भलाई के बीच संतुलन बनाना सिखाता है।

यह कैंपेन खास तौर पर #FightObesity और #PollutionKaSolution जैसे मुद्दों पर केंद्रित है। साइकिलिंग को बढ़ावा देकर नागरिकों को फिट रहने का आसान तरीका मिलता है और साथ ही कार्बन फुटप्रिंट भी कम होता है। भोपाल के कॉलेजों, स्कूलों, युवा संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े युवा इस सामूहिक साइकिल रैली में हिस्सा लेंगे। साइकिल चलाने के साथ-साथ योग, ज़ुम्बा, रस्साकशी, रस्सी कूद और अन्य फिटनेस गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस को साई भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक सिंह चौहान और सहायक निदेशक अंशिका जैन ने संबोधित किया। इस मौके पर पीआईबी भोपाल के निदेशक मनीष गौतम भी मौजूद रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here