NST News,भोपाल। SAI नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCOE) भोपाल की मिडल-डिस्टेंस रनर पूजा अमेरिका में होने वाली वर्ल्ड एथलेटिक्स क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। 10 जनवरी से शुरू होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पूजा रिले इवेंट में हिस्सा लेंगी, जो उनके करियर का पहला रिले मुकाबला होगा। यह पहली बार है जब वर्ल्ड क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में रिले इवेंट शामिल किया गया है। किसान परिवार में जन्मी 23 वर्षीय पूजा की कहानी संघर्ष और सफलता की मिसाल है। उन्होंने अपने खेल करियर की शुरुआत STC बादल में हॉकी से की थी। वर्ष 2017 में बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण के उन्होंने एथलेटिक्स में दौड़ना शुरू किया। उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए कोच सौरभ यादव ने उन्हें एथलेटिक्स में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।
पूजा को पहली अंतरराष्ट्रीय सफलता 2019 में मिली, जब उन्होंने हांगकांग में आयोजित तीसरी एशियन यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 800 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीता। वर्ष 2023 में उनका चयन SAI NCOE भोपाल में हुआ, जहां उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और खेल विज्ञान आधारित सहयोग मिला। साल 2025 पूजा के लिए स्वर्णिम साबित हुआ। उन्होंने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप टोक्यो में शानदार प्रदर्शन किया, ताइवान ओपन में 800 और 1500 मीटर में डबल गोल्ड जीते, एशियन चैंपियनशिप में सिल्वर व ब्रॉन्ज पदक हासिल किए और इंडियन ओपन में 1500 मीटर का गोल्ड जीता। कोच सौरभ यादव ने कहा कि पूजा में लंबी दूरी की दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपार क्षमता है। वहीं SAI CRC भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक सिंह चौहान ने पूजा को शुभकामनाएं देते हुए इसे संस्थान के लिए गर्व का विषय बताया।


