नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 11 जनवरी से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले से ठीक पहले टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत चोट के कारण बाहर हो गए हैं। पंत को वडोदरा में नेट प्रैक्टिस के दौरान बैटिंग करते समय दाहिने निचले हिस्से में अचानक दर्द महसूस हुआ, जिसके बाद उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया। बीसीसीआई ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की कि पंत इस सीरीज से बाहर हैं और उनकी जगह रिप्लेसमेंट प्लेयर का नाम भी घोषित कर दिया गया है।
ऋषभ पंत के बाहर होने के बाद सभी को उम्मीद थी कि ईशान किशन को उनकी जगह रिप्लेसमेंट प्लेयर के रूप में वनडे सीरीज के स्क्वाड में शामिल किया जाएगा, लेकिन बीसीसीआई ने पंत की जगह ध्रुव जुरेल को शामिल करने का ऐलान किया है। बीसीसीआई के बयान में बताया गया कि पंत को दाहिने पेट के निचले हिस्से में दर्द महसूस होने के बाद MRI स्कैन के लिए ले जाया गया। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उनकी क्लिनिकल और रेडियोलॉजिकल रिपोर्ट का विशेषज्ञ के साथ विस्तार से विश्लेषण किया। इसके बाद पंत को साइड स्ट्रेन की समस्या के कारण वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया।
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)।
ध्रुव जुरेल को मौका मिलने की उम्मीद कम
ध्रुव जुरेल को लेकर उम्मीद कम है कि उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में प्लेइंग 11 में शामिल किया जाएगा। टीम इंडिया के लिए पिछले काफी समय से केएल राहुल वनडे में प्रमुख विकेटकीपर-बल्लेबाज की भूमिका निभा रहे हैं और इस सीरीज में भी वही जिम्मेदारी निभाते नजर आएंगे। जुरेल ने अब तक केवल टेस्ट फॉर्मेट में खेला है, जिसमें उन्होंने 9 मैचों में 35.30 की औसत से कुल 459 रन बनाए हैं।


