नई दिल्ली : श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच चल रही तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला 11 जनवरी को दांबुला के रणगिरी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज का पहला मैच पाकिस्तान ने 6 विकेट से जीतकर अपने नाम किया था, जबकि दूसरा मुकाबला बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था। ऐसे में मेजबान श्रीलंका के पास अब तीसरे टी20 मैच को जीतकर सीरीज को बराबरी पर समाप्त करने का शानदार अवसर है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए यह सीरीज दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी की निगाहें आखिरी टी20 मुकाबले पर टिकी रहेंगी।
इस टी20 सीरीज का आखिरी मैच दांबुला के स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से होगी तो वहीं टॉस शाम 6:30 पर होगा। तीसरे टी20 मैच का भारतीय फैंस सीधा प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं, तो वहीं मैच की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग सोनी लिव और फैनकोड ऐप पर होगी, जिसमें लॉगिन कर फैंस अपने मोबाइल या फिर स्मार्ट टीवी पर मैच का आनंद ले सकते हैं। वहीं तीसरे टी20 मैच के मौसम को लेकर बात की जाए तो उसमें भी बारिश का खलल देखने को मिल सकता है, जिसके चलते मुकाबला देरी से भी शुरू होने की उम्मीद लगाई जा रही है।
दांबुला के रणगिरी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम का प्रदर्शन देखा जाए तो यह काफी संतुलित रहा है। इस मैदान पर श्रीलंका ने अब तक 10 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें से 5 में उन्हें जीत मिली और 5 में हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने इस स्टेडियम में केवल एक मैच खेला है, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा। मैदान के आंकड़ों की बात करें तो अब तक खेले गए 10 मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 6 बार जीत हासिल की है, जबकि टारगेट का पीछा करने वाली टीम 4 बार विजयी रही है।


