नई दिल्ली: WPL 2026 में गुजरात जायंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सोफी डिवाइन ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए पारी को मजबूती दी, जबकि एशले गार्डनर ने भी अहम योगदान देकर रनगति को तेज बनाए रखा। इन दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारियों के चलते गुजरात जायंट्स बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की ओर से नंदिनी शर्मा ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए मैच में हैट्रिक झटककर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।
गुजरात जायंट्स के खिलाफ पारी का 20वां ओवर नंदिनी शर्मा ने फेंका। इस ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने एक रन दिया। इसके बाद दूसरी गेंद पर उन्होंने काशवी गौतम को पवेलियन की राह दिखा दी। फिर तीसरी गेंद पर एक रन बना। इसके बाद चौथी गेंद पर नंदिनी शर्मा ने कनिका आहूजा को आउट किया। पांचवीं गेंद पर राजेश्वरी गायकवाड़ को क्लीन बोल्ड कर दिया। फिर छठी गेंद पर उन्होंने रेणुका सिंह को आउट किया। इस तरह से उनकी हैट्रिक पूरी हो गई और ओवर में उन्होंने कुल चार विकेट झटके।
नंदिनी शर्मा WPL के इतिहास में हैट्रिक लेने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। उनसे पहले यह कारनामा दीप्ति शर्मा ने WPL 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ किया था। अब नंदिनी शर्मा ने अपने बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन के दम पर यह बड़ा कमाल कर दिखाया है और WPL इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
वहीं नंदिनी शर्मा दूसरी ऐसी भारतीय खिलाड़ी बनी हैं, जिन्होंने WPL के एक मैच में पांच विकेट झटके हैं। इससे पहले आशा शोभना ने WPL 2024 में यूपी वॉरियर्स के खिलाफ मैच में पांच विकेट हासिल किए थे। अब नंदिनी ने इस रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है।
गुजरात जायंट्स के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में नंदिनी शर्मा ने चार ओवर में 33 रन देकर पांच विकेट झटके। उनका 20वां ओवर पूरी तरह यादगार रहा, जिसमें उन्होंने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। इस बेहतरीन खेल के दम पर नंदिनी शर्मा ने न सिर्फ मैच का रुख बदला, बल्कि अपना नाम इतिहास के पन्नों में भी दर्ज करा लिया।


