एनएसटी न्यूज, भोपाल। 31वें आईईएस–डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में रविवार को खेले गए मुकाबलों में जनसंपर्क और हमीदिया स्पोर्ट्स ने शानदार जीत दर्ज की। बाबे आली मैदान पर खेले गए पहले मैच में जनसंपर्क ने टाइम्स ऑफ इंडिया को 25 रनों से हराकर लगातार दूसरी जीत हासिल की। जनसंपर्क ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 192 रन बनाए। अजीत चाको ने 57, अखिल ने 53 और कप्तान अनुराग उइके ने 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। टाइम्स ऑफ इंडिया की ओर से दुष्यंत अजय और प्रणव को 1-1 विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करते हुए टाइम्स ऑफ इंडिया की टीम 7 विकेट पर 167 रन ही बना सकी। अजय सिंह ने शानदार 85 रनों की पारी खेली, जबकि अक्षय ने 28 रन बनाए। जनसंपर्क की ओर से राहुल पाल और लोकेश ने 2-2 विकेट झटके। अनुराग उइके और शुभम को एक-एक सफलता मिली। अनुराग उइके को मानसरोवर प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि अजय सिंह को आरएनटीयू मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का पुरस्कार मिला। उन्हें मध्यप्रदेश रणजी टीम के पूर्व कप्तान सुहैल अंसारी, जनसंपर्क के डीपी शर्मा और अरविंद सावनेर ने सम्मानित किया।
दिन के दूसरे मुकाबले में जनचर्चा ने 7 विकेट पर 199 रन बनाए। रवि ने 44, जोंटी ने 41 और सौरभ राजपूत ने 40 रन बनाए। हमीदिया स्पोर्ट्स की ओर से मोहित तंवर ने चार विकेट और मुदस्सर आलम ने दो विकेट लिए। जवाब में हमीदिया स्पोर्ट्स ने आठ विकेट पर लक्ष्य हासिल कर मुकाबला दो विकेट से जीत लिया। आदित्य मजूमदार ने 87 रनों की शानदार पारी खेली। दानिश ने 35 और मोहित ने 23 रन बनाए। जनचर्चा की ओर से जमरान जावेद ने चार विकेट और सौरभ राजपूत ने तीन विकेट लिए। मोहित तंवर को मानसरोवर प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
आज के मुकाबले
पब्लिक वाणी बनाम विस्तार न्यूज – सुबह 9 बजे, बाबे आली मैदान
गिल्टफ्री बनाम भोपाल क्रिकेट क्लब – दोपहर 12:30 बजे, बाबे आली मैदान


