11वें भोपाल लाल परेड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में यश दवे क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

0

NST News, भोपाल। पुलिस जिम्नेजियम हॉल, जहांगीराबाद में चल रहे 11वें भोपाल लाल परेड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में शीर्ष वरीय यश दवे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भोपाल डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में और लाल परेड ग्राउंड स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में यश दवे ने जैफ जस्टिस को सीधे गेमों में 15-13, 15-7 से पराजित किया। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पहले गेम में यश को थोड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने धैर्य और सटीक शॉट्स की मदद से 15-13 से बढ़त बनाई। दूसरे गेम में यश ने तेज मूवमेंट, बेहतरीन कोर्ट कवरेज और आक्रामक स्मैश के दम पर जैफ को कोई मौका नहीं दिया और 15-7 से मैच अपने नाम कर अंतिम आठ में जगह पक्की की।

आज खेले गए अन्य मुकाबलों में पुरुष एकल वर्ग में ऋषिक वर्मा ने शौर्य सूद को 15-8, 15-12 से हराया। शिवांश गुर्जर ने भोलेराम रजक को 15-10, 15-3 से पराजित किया। शिशिर द्विवेदी ने निशांत अर्गल को 15-5, 15-10 से हराया, जबकि ध्रुव चौहान ने असद अली खान को 15-12, 15-11 से मात दी। आर्यन उपाध्याय ने रोमांचक मुकाबले में अयूब लाकरा को 15-12, 11-15, 15-5 से हराया।

मिश्रित युगल वर्ग में सिदक सिंह और मन्नत सबलोक की जोड़ी ने भास्कर-चंद्रिका को 21-5, 21-7 से पराजित किया। पुरुष एकल 55 आयु वर्ग में कुलवंत पुरी ने डॉ. जितेंद्र बागरे को 15-7, 15-4 से हराया, वहीं जेपी नारंग ने कमलेश राठौर को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 15-7, 14-15, 15-11 से शिकस्त दी। पुरुष एकल 60 वर्ग में थॉमस वर्गीस ने जीएस जुनेजा को 15-8, 13-15, 15-12 से और सुनील देसाई ने किशन सिसोदिया को 15-2, 15-7 से हराया। पुरुष युगल 60 वर्ग में राकेश जोशी-शैलेंद्र सिन्हा की जोड़ी ने भूपेश कुमार-किशन सिसोदिया को 21-10, 21-12 से मात दी। बालक अंडर-15 वर्ग में मनोमय यादव, श्लोक कुमार, अद्वैत दीक्षित और आरव राय ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। बालिका अंडर-11 वर्ग में रुद्रांशी विश्वकर्मा, आही दीवान और याशिका चंद ने प्रभावशाली जीत दर्ज की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here