11वां भोपाल लाल परेड ओपन बैडमिंटन: अदम्य और तन्वीजा बने सबसे छोटे वर्ग के चैंपियन

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल: पुलिस जिम्नेजियम हॉल, जहांगीराबाद में चल रहे 11वें भोपाल लाल परेड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में सबसे छोटे अंडर-7 वर्ग में अदम्य तिवारी और तन्वीजा उज्जालिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता भोपाल डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में लाल परेड ग्राउंड स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित की जा रही है।

बालक एकल फाइनल में शीर्ष वरीय अदम्य तिवारी ने एकांश गुप्ता को 21-8, 21-17 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मुकाबले में अदम्य ने आक्रामक खेल दिखाते हुए लगातार अंक बटोरे और जीत दर्ज की। वहीं बालिका एकल फाइनल में तन्वीजा उज्जालिया ने कड़े संघर्ष में निशिका गोयल को 21-17, 23-21 से हराकर खिताब जीता। दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और दर्शकों को शानदार खेल देखने को मिला। अन्य मुकाबलों में अंडर-11 बालक वर्ग के फाइनल में प्रयान सचान ने गर्वित गुरनानी को 21-10, 20-22, 21-14 से हराया। बालिका अंडर-11 वर्ग में रुद्रांशी विश्वकर्मा ने याशिका चंद को 21-16, 21-13 से मात दी, जबकि एक अन्य फाइनल में राघवी ने अन्वी गुप्ता को 21-15, 21-11 से पराजित किया।

पुरुष युगल 45 वर्ग में अमित बिंदल-पवन भदौरिया ने दिलीप मेहरा-हबीब हुसैन को 15-8, 15-9 से हराया। पुरुष युगल 50 में दलीप सिंह-विकास सिंह ने जीआर नागले-सरजील अहमद को 15-10, 15-13 से पराजित किया। पुरुष युगल 55 में राजेश गुप्ता-राजीव सक्सेना ने रवि-संदीप को 21-12, 21-10 से हराया, जबकि दूसरे मैच में दलीप सिंह-मनोज गुप्ता ने देवेन्द्र यादव-पियूष भटनागर को 15-8, 15-14 से मात दी। पुरुष युगल 60 में अनिल शर्मा-लक्ष्मी नारायण नंदराजू ने संजय-शैलेन्द्र सिंह को 15-14, 15-8 से और राकेश जोशी-शैलेन्द्र सिन्हा ने दीप सिंह-सुनील देसाई को 21-12, 21-13 से हराया। पुरुष युगल 65 वर्ग में अनिल शर्मा-एनपी जायसवाल ने रोमांचक मुकाबले में रवि चौहान-विक्रम रॉय को 21-19, 19-21, 21-15 से पराजित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here