एनएसटी न्यूज, भोपाल: दिल्ली के पीतमपुरा में भारतीय हैंडबॉल महासंघ के तत्वावधान में 10 से 14 जनवरी तक आयोजित 47वीं जूनियर नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि में भोपाल के होनहार खिलाड़ी ध्रुव दुबे का अहम योगदान रहा। मध्यप्रदेश टीम के लिए खेलते हुए ध्रुव दुबे ने अपने दमदार खेल, तेज मूवमेंट और शानदार डिफेंस से सभी का ध्यान खींचा। मैचों के दौरान उन्होंने टीम के लिए महत्वपूर्ण गोल किए और विरोधी टीमों के खिलाफ मजबूती से मोर्चा संभाला। उनकी मेहनत और समर्पण ने टीम को पदक तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई। इस शानदार प्रदर्शन पर टीम के कोच रणजीत सिंह को भी सम्मानित किया गया। भारतीय हैंडबॉल महासंघ एवं मध्यप्रदेश हैंडबॉल संघ के महासचिव डॉ. प्रीतपाल सिंह सलूजा, प्रदेश व भोपाल के वरिष्ठ खिलाड़ी श्याम थापा, करीम उद्दीन, मयंक बांके सहित भोपाल जिला हैंडबॉल क्लब की मैनेजर एवं आइडियल स्कूल की खेल शिक्षिका अंजू गुप्ता ने ध्रुव दुबे, कोच रणजीत सिंह और पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कांस्य पदक जीतकर भोपाल लौटने पर वार्ड क्रमांक 44 के पार्षद विमलेश ठाकुर, संयोजक भूपेंद्र सिंह चौहान और स्पोर्ट्स प्रमोटर राम द्वारा खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया।


