एनएसटी न्यूज, भोपाल : 31वें आईईएस डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में गुरुवार को कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। ओल्ड कैंपियन मैदान और बाबेअली मैदान पर हुए मैचों में पब्लिक वाणी, स्वदेश ज्योति, हमीदिया और कमिश्नर एकादश ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर टूर्नामेंट में मजबूती से आगे बढ़ने का संकेत दिया। ओल्ड कैंपियन मैदान पर पब्लिक वाणी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 17 ओवर में सभी विकेट खोकर 109 रन बनाए। टीम की ओर से कार्तिक ने 34 और सोमराज मालवीय ने 24 रन बनाए। जनसंपर्क की तरफ से राहुल पाल ने तीन विकेट झटके, जबकि लोकेश और तपन अहिरवार को दो-दो सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जनसंपर्क की टीम 17.3 ओवर में 100 रन पर सिमट गई। मधुल पाठक ने 17 और अजी चाको ने 15 रन बनाए। पब्लिक वाणी के प्रकाश ने तीन और अरविंद ने दो विकेट लिए, जबकि तीन खिलाड़ी रनआउट हुए।
दूसरे मैच में बाबेअली मैदान पर डिजिआना की टीम 12.2 ओवर में 90 रन पर सिमट गई। कप्तान अजय यादव ने सर्वाधिक 42 रन बनाए। स्वदेश ज्योति के लोकेंद्र सिंह और सार्थक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार-चार विकेट झटके। जवाब में स्वदेश ज्योति ने 12.5 ओवर में मात्र एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान अक्षत शर्मा ने 45 और केके गंगवार ने 33 रन बनाए। लोकेंद्र को मानसरोवर मैन ऑफ द मैच और सार्थक को आरएनटीयू वैल्युएबल प्लेयर का अवार्ड दिया गया।
कॉर्पोरेट ग्रुप में महाबली वॉरियर्स ने 18 ओवर में आठ विकेट खोकर 143 रन बनाए। साहिल रजक ने 37, शुभम नागले ने 26 और महेश सिंह ने 23 रन बनाए। हमीदिया के यश और मोहित ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में हमीदिया ने देवेंद्र नायक (30 गेंद पर 49 रन) और लोकेश मालवीय (22 गेंद पर 60 रन) की तूफानी पारियों की बदौलत 12 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
विभागीय ग्रुप में कमिश्नर एकादश के फाहद ने पांच विकेट लेकर डॉक्टर-11 की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। डॉक्टर-11 की टीम 14.1 ओवर में 99 रन पर सिमट गई। डॉ. माही ने 32 और सूर्यनाथ योगी ने 18 रन बनाए। जवाब में कमिश्नर एकादश ने 11.2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अक्षय परोचे ने 32 और मुदस्सर आलम ने 26 रन बनाए।
आज के मैच
ओल्ड चैंपियन ग्राउंड
पत्रिका बनाम जागरण – सुबह 9 बजे
भोपाल फिनिक्स बनाम भोपाल क्रिकेट क्लब – दोपहर 12:30 बजे
बाबेअली मैदान
डीजीपी-11 बनाम जनसंपर्क – सुबह 9 बजे


