एनएसटी न्यूज, भोपाल : 11वें भोपाल लाल परेड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में लाल परेड ग्राउंड स्पोर्ट्स क्लब के अमित साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष 45 वर्ष आयु वर्ग में एकल और युगल दोनों खिताब जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। प्रतियोगिता का आयोजन लाल परेड ग्राउंड स्पोर्ट्स क्लब द्वारा पुलिस जिम्नेजियम हॉल में किया जा रहा है।
पुरुष 45 वर्ग के एकल फाइनल में अमित साहू ने पवन वाधवा को कड़े मुकाबले में 21-15, 16-21, 21-12 से पराजित किया। मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन निर्णायक गेम में अमित ने अनुभव का लाभ उठाते हुए जीत दर्ज की। वहीं युगल फाइनल में अमित साहू ने अपने जोड़ीदार पंकज जैन के साथ मिलकर कमल कोटवानी और पवन वाधवा की जोड़ी को सीधे गेमों में 21-16, 21-14 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
अन्य वर्गों में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। बालक अंडर-15 फाइनल में अद्वैत दीक्षित ने मनोमय यादव को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 22-24, 22-20, 21-17 से हराकर खिताब जीता। पुरुष एकल 35 वर्ष वर्ग में संदीप नियोगी ने हेमंत गीते को 21-14, 21-12 से पराजित कर विजेता बने। पुरुष युगल 50 वर्ग में मनीष नहारे और सुनील सातव की जोड़ी ने राजेश गुप्ता और राजीव सक्सैना को 22-20, 21-10 से हराकर खिताब अपने नाम किया। पुरुष एकल 55 वर्ग के फाइनल में पियूष भटनागर ने नरेश कुमार बागड़े को रोमांचक मुकाबले में 19-21, 21-16, 22-20 से हराकर जीत दर्ज की। इसी तरह पुरुष युगल 65 वर्ग के फाइनल में जीएस जुनेजा और एमके डे की जोड़ी ने अनिल शर्मा और एनपी जायसवाल को 12-21, 21-12, 21-12 से हराकर खिताब जीता।


