नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम का अभियान लगातार इंजरी की वजह से डगमगा चुका है। पिछले मुकाबले में जिम्बाब्वे से मिली हार ने ऑस्ट्रेलिया के सुपर-8 में क्वालिफाई करने के रास्ते को और कठिन बना दिया है। इसी बीच, सोमवार को श्रीलंका के खिलाफ होने वाले करो या मरो के मुकाबले से पहले टीम में दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ की एंट्री हुई है, जो टीम की रणनीति और ताकत दोनों के लिए अहम साबित हो सकती है। स्टीव स्मिथ के नाम ओवरऑल टी20 करियर में 6242 रन दर्ज हैं। वहीं टी20 इंटरनेशनल में स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 67 मैचों में 1094 रन बनाए हैं।
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच फरवरी 2024 में खेला था। यानी अब सीधे दो साल बाद वर्ल्ड कप में स्मिथ की टीम में वापसी हुई है। गौरतलब है कि टूर्नामेंट के बीच इंजरी की स्थिति में रिप्लेसमेंट के लिए एक कमेटी की स्क्वीकृति की जरूरत होती है। आईसीसी द्वारा जारी मीडिया विज्ञप्ति में बताया गया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 की इवेंट टेक्निकल कमेटी ने जोश हेजलवुड के स्थान पर स्टीव स्मिथ को टीम में शामिल करने की अनुमति दे दी है। जोश हेजलवुड के कुछ मैच मिस करने की खबरें पहले आ चुकी थीं, लेकिन अब आधिकारिक तौर पर उन्हें पूरे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है।
ऑस्ट्रेलिया के लिए जीतना हर हाल में अनिवार्य
ऑस्ट्रेलियाई टीम ग्रुप B में तीसरे स्थान पर है। वहीं श्रीलंका ने अपने पहले दो मैच जीतकर ग्रुप में पहले स्थान पर कब्जा किया है। जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया और ओमान को हराकर दूसरे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत की है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अब तक दो में से एक मैच जीतकर और एक में हारकर तीसरे स्थान पर जगह बनाई है। ऐसे में अगर श्रीलंका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया को हार का सामना करना पड़ा, तो उसकी सुपर 8 में पहुंचने की राह काफी कठिन हो जाएगी।
इसलिए श्रीलंका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया को हर हाल में जीतना होगा। इस ग्रुप में ओमान बाहर हो चुका है। आयरलैंड ने 3 में से एक मैच जीता है और दो में उसे हार मिली है। अगर आयरलैंड और श्रीलंका ने जिम्बाब्वे को हरा दिया तो मुकाबला इस ग्रुप में रोचक हो जाएगा। वहीं ऑस्ट्रेलिया श्रीलंका से यह मैच हारी और आखिरी मैच ओमान से जीतती भी है, तो इस स्थिति में जिम्बाब्वे, आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया तीनों के 4-4 अंक हो जाएंगे और नेट रनरेट प्ले में आएगा। इस लिहाज से ऑस्ट्रेलिया को हर हाल में श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी।


