इंडिया ए की धमाकेदार जीत, नेपाल को हराकर सेमीफाइनल के लिए किया क्वालिफाई

0

नई दिल्ली : इंडिया ए वुमन ने एसीसी महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के नौवें मुकाबले में नेपाल को सात विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। राधा यादव की अगुआई में भारतीय टीम ने पहले नेपाली टीम को 18 ओवर में केवल 78 रन पर समेट दिया। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने महज 7.5 ओवर में 3 विकेट खोकर 82 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस प्रभावशाली जीत के साथ इंडिया ए वुमन ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

वहीं, नेपाल की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई। तनुजा कंवर प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं। तनुजा कंवर ने चार ओवर में 12 रन देकर चार विकेट लिए। तनुजा कंवर डब्ल्यूपीएल (विमेंस प्रीमियर लीग) में गुजरात जायंट्स का हिस्सा हैं। तनुजा कंवर ने डब्ल्यूपीएल 2025 में गुजरात जांयट्स के लिए नौ मैच में 7.92 की इकॉनमी से आठ विकेट लिए थे।

इंडिया ए की ओर से तनुजा कंवर के अलावा मिन्नू मणि ने चार ओवर में आठ रन देकर तीन विकेट चटकाए। राधा यादव ने तीन ओवर में 17 रन देकर दो बैटर्स को पवेलियन भेजा। नेपाल की ओर से समझाना खड़का उच्चतम स्कोरर रहीं। समझाना खड़का 16 गेंद में चार चौके की मदद से 22 रन बनाए। विकेटकीपर रूबी पोद्दार ने नौ गेंद में दो चौके की मदद से 12 रन बनाए।

कबिता जोशी ने 17 गेंद में 12 रन बनाए। बिंदू रावल 21 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हुईं। कप्तान पूजा महतो 14 गेंद में 10 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। नेपाल की तीन बैटर्स खाता भी नहीं खोल पाईं। वहीं, कबिता कुंवर, रोमा थापा और रूबीना छेत्री 1-1 रन ही बना पाईं।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने पांचवीं गेंद पर ही दीपा यादव का विकेट गंवा दिया। उस समय टीम का स्कोर सिर्फ दो रन था। चौथे ओवर की पहली गेंद पर अनुष्का शर्मा भी आउट हो गईं। उस समय तक टीम के खाते में 19 रन ही जुड़े थे।

अनुष्का शर्मा 10 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद वृंदा दिनेश ने तेजल हसबनीस के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 25 गेंद में 54 रन की साझेदारी की। तेजल हसबनीस 13 गेंद में तीन चौके की मदद से 18 रन बनाकर आउट हुईं।

तेजल हसबनीस जब पवेलियन लौटीं तब टीम का स्कोर 7.2 ओवर में 73 रन था। इसके बाद इंडिया ए ने अगली तीन गेंद में नौ रन ठोककर मैच जीत लिया। वृंदा दिनेश 18 गेंद में नौ चौके की मदद से 39 रन बनाकर नाबाद रहीं। इंडिया ए ने इससे पहले पाकिस्तान की टीम को 8 विकेट से हराया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here