IND vs SA: कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक शर्मा के फॉर्म पर दिया जवाब, कहा – अब सामना करने वाली टीमों को होगी चिंता

0

नई दिल्ली : भारतीय टीम को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने सुपर-8 अभियान की शुरुआत साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले मुकाबले से करनी है। टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी चारों मैच जीत लिए थे और अब उनकी कोशिश सुपर-8 में भी इसी प्रदर्शन को जारी रखने की होगी। ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम के लिए एक चिंता का विषय ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का फॉर्म रहा, जिन्होंने तीन मुकाबले खेले, लेकिन किसी में भी अपना खाता नहीं खोला। ऐसे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनके फॉर्म को लेकर बड़ा बयान दिया।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले से एक दिन पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव से जब अभिषेक शर्मा के फॉर्म के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें उन लोगों की चिंता है जो अभिषेक शर्मा के बारे में परेशान हैं। उनकी असली चिंता उन टीमों की है, जो अब अभिषेक का सामना करेंगी। सूर्यकुमार यादव ने कहा कि अभिषेक ने पिछले साल सब कुछ किया, अब उनके लिए भी एहसान चुकाने का समय है। अभिषेक शर्मा, जो पहली बार अपने करियर में टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे हैं, अब तक तीन मैच खेल चुके हैं, लेकिन किसी में भी अपना खाता खोलने में सफल नहीं हो पाए हैं। नीदरलैंड्स के खिलाफ पिछले मैच में जब अभिषेक डक पर आउट हुए, तो उनकी निराशा उनके चेहरे पर साफ दिखाई दी।

टीम इंडिया के स्टार ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने अब तक इस टीम के खिलाफ कुल 8 मैच खेले हैं और 25 की औसत से 200 रन बनाने में सफल रहे हैं। अभिषेक शर्मा ने इस दौरान एक अर्धशतकीय पारी खेली है, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 173.91 का रहा है। ऐसे में इस मैच में उनसे एक बड़ी पारी खेलने की उम्मीद सभी को है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here