ग्वालियर. ग्वालियर की गलियों से निकली मेहनत और संघर्ष आखिरकार टीम इंडिया की जर्सी तक पहुंच ही गई। माधव नगर निवासी 22 वर्षीय अनुष्का शर्मा को शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है। वह 17 अप्रैल से India vs South Africa T20I Series में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान पर उतरती नजर आएंगी। इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं रहा। साल 2022 में इंदौर में एक टूर्नामेंट के दौरान रन लेते समय वह मैदान पर ही बेहोश हो गई थीं। बाद में जांच में डेंगू की पुष्टि हुई, लेकिन इस मुश्किल दौर ने उनके हौसले को तोड़ने के बजाय और मजबूत कर दिया।
अनुष्का बताती हैं कि उनका क्रिकेट से जुड़ाव बचपन में ही हो गया था। वह अपने बड़े भाई को खेलते देखती थीं और 4-5 साल की उम्र में पहली बार बैट थामा। 14 साल की उम्र में उन्होंने तय कर लिया था कि उन्हें क्रिकेटर ही बनना है। कोरोना काल उनके करियर के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनकर आया। लॉकडाउन में जब मैदान और जिम बंद हो गए, तब उनके पिता ने घर की छत को ही अभ्यास का मैदान बना दिया। छत पर नेट लगवाया गया और एक हिस्से को जिम में बदल दिया गया। इसी जज्बे ने उन्हें लगातार खेल से जोड़े रखा।
अनुष्का एक ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं, जो स्पिन गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में भी योगदान देना चाहती हैं। उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए खेलना बड़ी जिम्मेदारी है और वह हर भूमिका में टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन करना चाहती हैं। टी-20 क्रिकेट को लेकर उन्होंने साफ कहा कि हर फॉर्मेट की अपनी अहमियत है और खिलाड़ी को उसी हिसाब से खुद को ढालना पड़ता है। वहीं छोटे शहरों के खिलाड़ियों के लिए उन्होंने बेहतर ग्राउंड और ट्रेनिंग सुविधाओं की जरूरत बताई। परिवार के सहयोग को अपनी सफलता की सबसे बड़ी ताकत मानने वाली अनुष्का अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी फिरकी से कमाल दिखाने को तैयार हैं। उनका यह सफर छोटे शहरों के खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणा बनकर उभरा है।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर एयरपोर्ट पर अनुष्का शर्मा का किया सम्मान
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर विमानतल पर राज्य की प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी अनुष्का शर्मा का आत्मीय सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय सीनियर महिला टी-20 टीम में चयन होने पर अनुष्का को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अनुष्का ने अपने मेहनत और समर्पण से प्रदेश का नाम रोशन किया है और वह अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं।


