भोपाल की बड़ी जीत, जबलपुर को 229 रन से हराया

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल: मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित माधवराव सिंधिया कप 2025-26 में भोपाल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जबलपुर को 229 रन से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। यह मुकाबला ग्वालियर के माधवराव सिंधिया स्टेडियम में खेला गया, जिसमें जीत के साथ भोपाल ने पॉइंट टेबल में 4 अहम अंक भी हासिल किए। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी जबलपुर की टीम को भोपाल के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही दबाव में ला दिया। भोपाल ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 358 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

टीम की ओर से कनिष्क दुबे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 84 गेंदों में 118 रन बनाए। उनकी इस पारी में 12 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं तनिष्क यादव शतक से चूक गए और 83 गेंदों में 97 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा ओजस्व यादव ने तेजतर्रार अंदाज में 33 गेंदों पर 62 रन बनाए। जबलपुर की ओर से गेंदबाजी में पारुष मंडल ने 4 विकेट हासिल किए, जबकि प्रकाश त्रिपाठी और रीतेश शाक्या को एक-एक सफलता मिली।

358 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जबलपुर की टीम शुरुआत से ही लड़खड़ा गई और 27 ओवर में 151 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से राहुल शर्मा ने 62 रन, अथर्व यादव ने 27 और साहिल ठाकुर ने 23 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। भोपाल की ओर से गेंदबाजी में प्रारब्ध मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 रन देकर 5 विकेट झटके। वहीं अश्विन दास ने 2 और अनिमेष सिंह ने 1 विकेट लिया। शानदार शतकीय पारी के लिए कनिष्क दुबे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here