नई दिल्ली : इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार, 25 मार्च को पुरुष क्रिकेट की ताजा रैंकिंग जारी की। भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली बना हुआ है, जिसमें अभिषेक शर्मा और इशान किशन शीर्ष दो स्थानों पर काबिज हैं। सूर्यकुमार यादव को दो स्थान का फायदा हुआ है, जबकि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर को खराब फॉर्म के बावजूद एक स्थान का लाभ मिला।
वहीं, न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट और दक्षिण अफ्रीका के विस्फोटक बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस को दो स्थान का नुकसान झेलना पड़ा। भारतीय टीम के ओपनर अभिषेक शर्मा 875 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। इशान किशन 871 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान 848 रेटिंग अंकों के साथ तीसरे नंबर पर हैं। इंग्लैंड के ओपनर फिल साल्ट 792 रेटिंग अंकों के साथ चौथे नंबर पर हैं। श्रीलंका के पथुम निसांका 766 रेटिंग अंकों के साथ पांचवें नंबर पर हैं।
ब्रेविस को झटका
भारत के मध्यक्रम के बल्लेबाज तिलक वर्मा 742 रेटिंग अंकों के साथ छठे नंबर पर हैं। भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव 722 रेटिंग अंकों के साथ सातवें नंबर पर हैं। वह पहले 9वें नंबर पर थे। न्यूजीलैंड के ओपनर टिम सीफर्ट 719 रेटिंग अंकों के साथ 8वें नंबर पर हैं। इंग्लैंड के ओपनर जोस बटलर 716 रेटिंग अंकों के साथ 9वें नंबर पर हैं। साउथ अफ्रीका के मध्यक्रम के बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस 709 रेटिंग अंकों के साथ 10वें नंबर पर हैं।
टॉप-5 गेंदबाजों में दो भारतीय, शानदार प्रदर्शन जारी
पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों की रैंकिंग में अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद खान 753 रेटिंग अंकों के साथ पहले नंबर पर हैं। भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती 740 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद 736 रेटिंग अंकों के साथ तीसरे नंबर पर हैं। इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल रशीद 721 रेटिंग अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं, जबकि भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह 702 रेटिंग अंकों के साथ टॉप-5 में शामिल हैं।


