एशियन गेम्स की तैयारी तेज, मंत्री सारंग ने वॉटर स्पोर्ट्स कोचों से किया वन-टू-वन संवाद

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। एशियन गेम्स को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश में तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने वॉटर स्पोर्ट्स के प्रशिक्षकों के साथ वन-टू-वन संवाद कर खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए विशेष रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए।  टी.टी. नगर स्टेडियम स्थित मेजर ध्यानचंद हॉल में आयोजित बैठक में मंत्री ने स्पष्ट कहा कि खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने प्रशिक्षकों से कहा कि वे खिलाड़ियों की जरूरतों, सुविधाओं और उनकी व्यक्तिगत क्षमताओं के अनुसार प्रशिक्षण दें, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकें।

मंत्री सारंग ने कहा कि राज्य की वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी में विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनका अधिकतम उपयोग करते हुए खिलाड़ियों को तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं, खिलाड़ियों की प्रगति और संसाधनों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा भी की। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि प्रत्येक खिलाड़ी के लिए उसकी क्षमता के अनुरूप अलग रणनीति बनाई जाए। साथ ही, अगली बैठक में संभावित खिलाड़ियों से सीधे संवाद कर उनका फीडबैक लेने की बात कही गई।

मंत्री ने खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना जरूरी है, ताकि वे प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने लक्ष्य तय करते हुए कहा कि वॉटर स्पोर्ट्स में अधिक से अधिक पदक हासिल करना राज्य की प्राथमिकता है। इसके अलावा, उन्होंने खेल गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए, ताकि खिलाड़ियों की उपलब्धियां अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकें। बैठक में खेल संचालक अंशुमान यादव और संयुक्त संचालक बी.एस. यादव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here