विधायक ट्रॉफी U-12: विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी की बड़ी जीत, 155 रन से कनारा अकादमी पर दबदबा

0

nst news, भोपाल. विधायक ट्रॉफी अंडर-12 बीडीसीए क्रिकेट टूर्नामेंट में विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कनारा क्रिकेट अकादमी, विदिशा को 155 रन के बड़े अंतर से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। मुकाबले में अकादमी के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में दम दिखाया। मैच में कनारा क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 30 ओवर में 210 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से दक्ष सक्सेना ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 125 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। कप्तान मेधाश उइके ने भी 25 रन का योगदान दिया और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। कनारा अकादमी की ओर से गेंदबाजी में रियान सक्सेना ने 2 विकेट लिए, जबकि आदित्य और हितेश को 1-1 सफलता मिली। हालांकि, गेंदबाज विपक्षी बल्लेबाजों को रोकने में पूरी तरह सफल नहीं हो सके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनारा क्रिकेट अकादमी की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 55 रन पर सिमट गई और मुकाबला 155 रन से हार गई। टीम की ओर से रियान सक्सेना ने 9 रन और हितेश ने 8 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सके। विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी की गेंदबाजी भी प्रभावशाली रही। प्रवेश बामण ने 4 विकेट झटककर विपक्ष की कमर तोड़ दी। वहीं युवल सिंह राठौड़ और कबीर अग्रवाल ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।

शानदार शतक और मैच में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए दक्ष सक्सेना को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इस जीत के साथ विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब टूर्नामेंट का अगला मुकाबला संजय गुप्ता क्रिकेट अकादमी और ऐस क्रिकेट अकादमी के बीच खेला जाएगा, जहां से अगली टीम सेमीफाइनल की दौड़ में शामिल होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here