नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में टूर्नामेंट के सबसे महंगे खिलाड़ी ऋषभ पंत के पास सफेद गेंद के क्रिकेट में अपने करियर को दोबारा पटरी पर लाने का बड़ा मौका होगा। पहले ही यह साफ हो चुका है कि अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए आईपीएल 2026 में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर कड़ी नजर रखने वाली है। भारत की वनडे टीम में पंत फिलहाल दूसरे विकेटकीपर के रूप में शामिल हैं, लेकिन उनकी राह बिल्कुल आसान नहीं दिख रही। वह टीम के 15 खिलाड़ियों में जरूर हैं, मगर उन्हें वनडे खेले हुए डेढ़ साल से ज्यादा समय बीत चुका है, जो उनके लिए चुनौती को और बढ़ा देता है।
भारत की वनडे टीम की बात करें तो फिलहाल प्लेइंग 11 में केएल राहुल बतौर विकेटकीपर खेलते हैं। वह मिडिल ऑर्डर में खेलते हैं। ऐसे में दूसरे विकेटकीपर के तौर पर चयनकर्ताओं की निगाहें ऋषभ पंत के अलावा इशान किशन और संजू सैमसन पर होंगी। इसके अलावा ध्रुव जुरेल भी एक विकल्प हैं। आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ में अपने साथ जोड़ा था।
आईपीएल 2025 में ऋषभ पंत का प्रदर्शन रहा फीका
पिछले सीजन में पंत का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। आईपीएल 2025 में पंत ने 13 पारी में 24.45 के औसत और 133.16 के स्ट्राइक रेट से 269 रन बनाए थे। इसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। लखनऊ सुपर जायंट्स के आखिरी में में उन्होंने नाबाद 118 रन बनाए थे। आईपीएल 2026 में पंत की कोशिश न सिर्फ रन बनाने की होगी बल्कि व्हाइट बॉल क्रिकेट में करियर बचाने की भी होगी।
इशान किशन को मिला मिडिल ऑर्डर में मौका
ऋषभ पंत के प्रतिद्वंदियों की बात करें तो ईशान किशन और संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दमदार प्रदर्शन किया और भारत के खिताब बचाने में अहम योगदान दिया। ऐसे में पंत के लिए प्रतिस्पर्धा और कड़ी हो गई है। दूसरी ओर, अगर इशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो वह भारत की वनडे टीम में अपनी दावेदारी मजबूत कर सकते हैं। इशान अब घरेलू वनडे टूर्नामेंट में मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं और विजय हजारे ट्रॉफी में झारखंड के लिए खेलते हुए मिडिल ऑर्डर में उतरकर शतक भी जड़ चुके हैं, जिससे चयनकर्ताओं का ध्यान उनकी ओर गया है।
विकेटकीपर की रेस में संजू सैमसन पर बढ़ा दबाव
संजू सैमसन को चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ओपनिंग करते देखा जा सकता है, लेकिन भारत की वनडे टीम में वापसी के लिहाज से यह उनके लिए चुनौती बन सकती है। दरअसल, मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर पहले ही साफ कर चुके हैं कि वह वनडे सेटअप में मिडिल ऑर्डर के विकल्प तलाश रहे हैं, जिसके चलते संजू की भूमिका पर सवाल खड़े हो सकते हैं। हालांकि, अगर सैमसन आईपीएल में दमदार प्रदर्शन करते हैं, तो उनकी वनडे टीम में वापसी की राह खुल सकती है। साथ ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उनके अहम योगदान को भी चयन के समय नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।


