नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के दो महीने बाद एविन लुईस ने अपना फैसला बदलकर सभी को हैरान कर दिया है। उन्होंने न सिर्फ संन्यास से वापसी का निर्णय लिया है, बल्कि 9 साल बाद फर्स्ट-क्लास (रेड बॉल) क्रिकेट के लिए भी खुद को उपलब्ध कराया है। 27 जनवरी को वेस्टइंडीज की टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर किए जाने के बाद लुईस ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था, लेकिन अब उन्होंने यू-टर्न लेते हुए फिर से मैदान पर उतरने की तैयारी कर ली है।
लुईस ने वेस्टइंडीज के घरेलू फर्स्ट-क्लास टूर्नामेंट रीजनल फोर डे कंप्टिशन के लिए खुद को त्रिनिदाद के लिए उपलब्ध भी करा दिया है। अगर लुईस खेलते हैं तो नौ साल बाद लाल-गेंद की क्रिकेट में वापसी करेंगे। उन्होंने इस फॉर्मेट में अपने 22 मैचों में से आखिरी मैच 2016-17 में खेला था। 2015-16 सीजन में उन्होंने 49.11 के औसत से 442 रन बनाए थे। इसमें जमैका के खिलाफ उनका एकमात्र फर्स्ट-क्लास शतक 104 रन शामिल था। लुईस ने 22 मैचों में 30.72 के औसत से 1,229 रन बनाए हैं।
शानदार फॉर्म में नजर आ रहे एविन लुईस
लुईस ने टीटीसीबी प्रीमियरशिप डिवीजन 1 में बेस मोटर्स मार्चिन पैट्रियट्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। इसमें क्वींस पार्क क्रिकेट क्लब के खिलाफ 119 रन, मेरीबॉयज के खिलाफ नाबाद 232 रन और पावरजेन पेनल क्रिकेट क्लब के खिलाफ 113 रन शामिल हैं। लोकल दो-दिवसीय सीजन में उनका औसत अभी 94 है।
संन्यास से वापसी पर कोच ने दी अहम जानकारी
त्रिनिदाद के कोच Rayad Emrit ने Evin Lewis की वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि लुईस ने खुद को नेशनल टीम के लिए उपलब्ध कराया है और वह लगातार रन बना रहे हैं, जो टीम के लिए सकारात्मक संकेत है। एमरिट के अनुसार, सेफस कूपर भी पिछले साल बल्लेबाजी के प्रमुख खिलाड़ियों में रहे हैं, जिससे टीम चयन अब और चुनौतीपूर्ण हो गया है। उन्होंने इसे “अच्छा सिरदर्द” बताते हुए कहा कि किसी न किसी खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ेगा और चयनकर्ताओं के लिए यह आसान फैसला नहीं होगा। लुईस को टीम में जगह बनाने के लिए जेरेमी सोलोजानो, जेड गूली, आमिर जंगू, जेसन मोहम्मद और नवीन बिदाईसी जैसे खिलाड़ियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा, जिससे आगामी चयन प्रक्रिया और भी दिलचस्प होने वाली है।


