Vaibhav Suryavanshi का जन्मदिन: 15 साल के हुए वैभव, अब टीम इंडिया में एंट्री की राह आसान

0

नई दिल्ली: आईपीएल के 18वें सीजन में 19 अप्रैल 2025 को दुनिया के सामने एक ऐसा नन्हा सितारा आया, जिसकी उम्र को लेकर शुरुआत में कई सवाल उठे। लेकिन Vaibhav Suryavanshi ने अपने बल्ले से ऐसा धमाका किया कि सारी शंकाएं खुद-ब-खुद शांत हो गईं। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ डेब्यू करने के बाद उन्होंने महज 14 साल की उम्र में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में शतक ठोककर साबित कर दिया कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। “छोटा पैकेट, बड़ा धमाका” वाली कहावत उन पर पूरी तरह फिट बैठी। अब 27 मार्च 2026 को 15 साल के होते ही वैभव का नाम दुनिया भर में गूंज रहा है—यहां तक कि इंटरनेशनल डेब्यू से पहले ही वह 2025 के सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले क्रिकेटर बन चुके थे। आज पूरा क्रिकेट जगत एक ही आवाज में कह रहा है—हैप्पी बर्थडे वैभव सूर्यवंशी

सिर्फ 13 साल की उम्र में आईपीएल का कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया। 14 साल में ही सुर्खियां बटोरीं अब 15 साल के होते ही वैभव सूर्यवंशी के लिए टीम इंडिया का रास्ता भी खुल गया है। दरअसल इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए 15 साल की उम्र एक मानक है, और अब सूर्यवंशी ने इसे भी पार कर लिया है। यानी अब बस देरी इस बात की है कि कब सेलेक्टर्स इस खिलाड़ी को टीम इंडिया के लिए चुनते हैं। अगर लोगों की बात करें तो लगातार उनके चयन की मांग भी उठने लगी है। फिलहाल वैभव के निशाने पर है आईपीएल 2026 जिसके लिए वह पहले ही हुंकार भर चुके हैं।

Vaibhav Suryavanshi के लिए 2025-26 बना गोल्डन सीजन

वैभव सूर्यवंशी ने जब पिछले साल आईपीएल में कदम रखा था तो किसी ने शायद यह उम्मीद नहीं की होगी कि यह खिलाड़ी अगले एक साल में अपने जन्मदिन पर हीरो बन जाएगा। आज जिस तरह से वैभव सुर्खियों का हिस्सा हैं, यह दिखा रहा कि पिछले एक साल में कितना धमाल इस खिलाड़ी ने मचाया है। वैभव ने आईपीएल के अलावा अंडर 19 भारतीय टीम, भारत ए टीम, बिहार की टीम सभी के लिए कमाल किया। वैभव ने घरेलू टूर्नामेंट से अंडर 19 वर्ल्ड कप आईसीसी इवेंट तक सभी में कमाल का प्रदर्शन किया।

अंडर 19 वर्ल्ड कप फाइनल में वैभव की 175 रन की पारी ने टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। उससे पहले विजय हजारे ट्रॉफी, एशिया कप राइजिंग स्टार्स, सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी, हर जगह वैभव के बल्ले का शोर सुनने को मिला। यही कारण है कि अब साल 2026 में उनकी टीम इंडिया में भी एंट्री हो सकती है। हालांकि, आईपीएल 2026 का प्रदर्शन उनके लिए बहुत अहम होने वाला है। अगर वैभव ने आईपीएल के इस सीजन में जलवा दिखाया, तो शायद एशियन गेम्स के लिए वह टीम के दल का हिस्सा भी हो सकते हैं।

कम उम्र में बड़े कारनामे, वैभव के आंकड़े कर रहे हैरान

Vaibhav Suryavanshi के आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2025 का आईपीएल उनके लिए शानदार रहा, जहां उन्होंने 7 मैचों में एक शतक और एक अर्धशतक के साथ 252 रन बनाए। इसके अलावा कुल 18 टी20 मुकाबलों में उन्होंने 200 से अधिक के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 701 रन ठोके, जिसमें 3 शतक और एक अर्धशतक शामिल हैं। लिस्ट ए क्रिकेट में भी वैभव ने अपनी छाप छोड़ी है, जहां 8 मैचों में एक शतक और एक अर्धशतक की मदद से 353 रन बनाए हैं, जबकि फर्स्ट क्लास क्रिकेट की 8 पारियों में उनके नाम 207 रन दर्ज हैं।

इन आंकड़ों से साफ है कि कम उम्र में ही वह हर फॉर्मेट में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। आने वाले समय में भारतीय टीम आईपीएल 2027 के बाद वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों में जुटेगी, जहां जून से जनवरी के बीच टीम इंडिया को 6 अलग-अलग टीमों के खिलाफ 20 वनडे मुकाबले खेलने हैं, जिसमें दो विदेशी दौरे भी शामिल होंगे—ऐसे में वैभव जैसे युवा खिलाड़ी के लिए यह बड़ा मौका साबित हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here