पुरुष हॉकी सेमीफाइनल: झारखंड-ओडिशा का दबदबा, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ को हराकर फाइनल में एंट्री

0

रायपुर: खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले गए पुरुष हॉकी सेमीफाइनल मुकाबलों में रोमांच, जोश और बेहतरीन खेल का शानदार नजारा देखने को मिला। पहले सेमीफाइनल में झारखंड पुरुष हॉकी टीम ने मध्यप्रदेश पुरुष हॉकी टीम को एकतरफा अंदाज में 8-1 से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में ओडिशा पुरुष हॉकी टीम ने मेजबान छत्तीसगढ़ पुरुष हॉकी टीम को 5-1 से मात देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। दर्शकों के जबरदस्त उत्साह और शुभंकर ‘मोर वीर’ की मौजूदगी ने पूरे माहौल को एक उत्सव में बदल दिया।

झारखंड का तूफानी प्रदर्शन: मध्यप्रदेश को 8-1 से रौंदा

पहले सेमीफाइनल मुकाबले में झारखंड की टीम शुरू से ही पूरी तरह हावी नजर आई. टीम ने तेज आक्रमण, सटीक पासिंग और बेहतरीन फिनिशिंग का प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश को संभलने का कोई मौका नहीं दिया. झारखंड ने 8-1 के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर फाइनल में धमाकेदार एंट्री की. इस जीत ने टीम के आत्मविश्वास और खिताब जीतने की दावेदारी को और मजबूत कर दिया है.

ओडिशा ने मेज़बान छत्तीसगढ़ को 5-1 से हराया

दूसरे सेमीफाइनल में ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच मुकाबला काफी रोमांचक रहा. शुरुआती मिनटों में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, ओडिशा ने अपनी रणनीति और अनुभव का बेहतरीन इस्तेमाल किया. टीम ने लगातार गोल करते हुए 5-1 से शानदार जीत दर्ज की और फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली.

दर्शकों के उत्साह से स्टेडियम बना उत्सव स्थल

मैच के दौरान स्टेडियम में दर्शकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. हर गोल पर तालियों और नारों से पूरा मैदान गूंज उठा. खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के शुभंकर ‘मोर वीर’ के साथ दर्शकों ने जमकर तस्वीरें खिंचवाईं और मुकाबलों का आनंद लिया. इससे स्टेडियम का माहौल पूरी तरह उत्सवमय नजर आया.

अधिकारियों की मौजूदगी से खिलाड़ियों का बढ़ा हौसला

इस मौके पर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के डिप्टी डायरेक्टर मयंक श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और दोनों मुकाबलों का आनंद लिया। उनकी उपस्थिति ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई, जिससे मैदान पर ऊर्जा और जोश साफ तौर पर देखने को मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here