नई दिल्ली. अभिषेक शर्मा पर IPL के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने के चलते मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई इंडियन प्रीमियर लीग के तहत कोलकाता के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान की गई। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है। अभिषेक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और लेवल-1 अपराध के तहत मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को मान लिया है।
आर्टिकल 2.3 के उल्लंघन के दोषी
अभिषेक को IPL कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.3 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। यह नियम मैच के दौरान अनुचित व्यवहार या खेल भावना के खिलाफ प्रतिक्रिया से जुड़ा होता है।
अंपायर के फैसले पर जताई नाराजगी
माना जा रहा है कि यह कार्रवाई उनके आउट होने के बाद थर्ड अंपायर के फैसले पर नाराजगी जताने के कारण हुई। मैच के दौरान वे कैच आउट होने के बाद असंतुष्ट नजर आए और गुस्से में मैदान से बाहर जाते दिखे।
सस्पेंशन का भी खतरा
एक डिमेरिट पॉइंट जुड़ने के बाद अब अभिषेक को आगे के मैचों में सावधानी बरतनी होगी। IPL नियमों के मुताबिक, तय सीमा के भीतर 4 या उससे अधिक डिमेरिट पॉइंट होने पर खिलाड़ी पर एक या अधिक मैचों का प्रतिबंध लग सकता है।
मैच में हैदराबाद की जीत
इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रन से हराया। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 226 रन बनाए, जबकि कोलकाता की टीम 161 रन पर सिमट गई।


