नई दिल्ली. भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या एक बार फिर वनडे टीम में वापसी की तैयारी में जुट गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उनका लक्ष्य 2027 वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाना है। पंड्या ने आखिरी बार वनडे मैच आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इसके बाद से वे वनडे टीम से बाहर हैं।
फिटनेस पर फोकस, गेंदबाजी है सबसे बड़ी चुनौती
रिपोर्ट के अनुसार, पंड्या पिछले कुछ महीनों से अपनी गेंदबाजी फिटनेस पर खास काम कर रहे हैं। उनकी वापसी में सबसे बड़ा फैक्टर यह है कि वे लगातार 10 ओवर गेंदबाजी करने के लिए पूरी तरह फिट हो पाएं। चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान उनका वर्कलोड सीमित रखा गया था और उन्होंने किसी भी मैच में अपने पूरे 10 ओवर नहीं फेंके थे। यही वजह रही कि चयनकर्ताओं ने उन्हें बाद में टीम से बाहर रखा। बताया जा रहा है कि पंड्या ने अपने इरादों की जानकारी चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट को दे दी है। उन्होंने अपनी फिटनेस सुधारने के लिए ट्रेनिंग बढ़ाई है और गेंदबाजी में नए वैरिएशन भी जोड़े हैं।
तेज गेंदबाजी वाली परिस्थितियों में अहम होंगे
2027 वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा, जहां तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। ऐसे में फिट हार्दिक पंड्या टीम के लिए बेहद अहम साबित हो सकते हैं। पंड्या ने 2016 में वनडे डेब्यू के बाद 90 से ज्यादा मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 1900 से अधिक रन बनाने के साथ 90 से ज्यादा विकेट भी लिए हैं। फिट रहने पर वे टीम को संतुलन देने वाले प्रमुख खिलाड़ी माने जाते हैं।


