एनएसटी न्यूज, भोपाल। नेहरू नगर पुलिस ग्राउंड में डीजीपी कप 2026 (28वां संस्करण) का भव्य शुभारंभ उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। उद्घाटन अवसर पर पुलिस महानिदेशक (विशेष सशस्त्र बल) चंचल शेखर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला, पुलिस उपायुक्त श्रद्धा तिवारी, पुलिस उप महानिरीक्षक रियाज इकबाल, कमांडेंट नागेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पत्रकार उपस्थित रहे। टूर्नामेंट की शुरुआत पुलिस टीमों द्वारा परेड की सलामी के साथ हुई, जिसमें मध्यप्रदेश पुलिस की 11 टीमों ने भाग लिया।

टूर्नामेंट का आगाज़ दो रोमांचक मुकाबलों से हुआ। पहला मैच पत्रकार एकादश और आईपीएस एकादश के बीच खेला गया। मीडिया 11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 154 रन बनाए, जिसमें विवेक ने 74 और अश्विन ने 40 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में आईपीएस एकादश 148 रन ही बना सकी। टीम की ओर से विनय ने 53 और नागेंद्र सिंह ने 30 रन बनाए, लेकिन लक्ष्य से पीछे रह गई। पत्रकार एकादश ने यह मुकाबला जीत लिया।
दूसरा और आधिकारिक उद्घाटन मैच जीबी पीएचक्यू और भोपाल पुलिस के बीच खेला गया, जो दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए जीबी पीएचक्यू ने 236 रन का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया। कप्तान संदीप सूर्यवंशी ने 79, प्रज्ञानंद बालरे ने 82 और हिमांशु तिवारी ने 40 रन की तेज पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए भोपाल पुलिस ने भी जोरदार बल्लेबाजी की और 215 रन बनाए। सर्वेश यादव ने 95 और सौरव ने 48 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम लक्ष्य से 21 रन पीछे रह गई।


