मास्टर्स कप 2026: टीम स्कोप ने साहेब इलेवन को 59 रन से हराकर जीता खिताब

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। कैलाश नारायण सारंग (बाबूजी) स्मृति 9वीं ऑल इंडिया मास्टर्स कप क्रिकेट टूर्नामेंट के कॉर्पोरेट ग्रुप का फाइनल मुकाबला टीम स्कोप और साहेब इलेवन के बीच खेला गया, जिसमें टीम स्कोप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 59 रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। मुकाबले में साहेब इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम स्कोप ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 159 रन बनाए। टीम की ओर से दानिश खान ने 59 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि अभिषेक गिरी (23), अमित शर्मा (21) और विक्रांत कोरी (नाबाद 11) ने उपयोगी योगदान दिया। साहेब इलेवन की ओर से आदित्य गौर और संकेत दुबे ने 2-2 विकेट लिए, जबकि अमेय दुबे, विनोद पॉल और पीयूष टंडन को 1-1 विकेट मिला।लक्ष्य का पीछा करने उतरी साहेब इलेवन की टीम 17.5 ओवर में 100 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से सैय्यद जामरान ने 30, अमेय दुबे ने 19 और रवि प्रकाश ने 10 रन बनाए।

टीम स्कोप की गेंदबाजी में जीशान अली ने 15 रन देकर 4 विकेट लेकर मैच का रुख तय किया। इसके अलावा अमित शर्मा और दीपक मालवीय ने 2-2 विकेट लिए, जबकि रमीज खान और रिजवान को 1-1 विकेट मिला। शानदार प्रदर्शन के लिए जीशान अली को प्लेयर ऑफ द फाइनल चुना गया। पुरस्कार वितरण समारोह में एमआईसी मेंबर एवं पार्षद अशोक वाणी, सूर्यकांत गुप्ता, बीडीसीए के उपाध्यक्ष डॉ. सुशील सिंह ठाकुर, सहसचिव मुजीबउद्दीन सहित कई वरिष्ठ क्रिकेटर और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। टूर्नामेंट में व्यक्तिगत पुरस्कारों में साहेब इलेवन के विनोद पॉल को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, टीम स्कोप के अभिषेक गिरी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और जीशान अली को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया। वहीं लवीन मंधानी (सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर), प्रतीक मालवीय (सर्वश्रेष्ठ फील्डर) और सुपर हीटर्स टीम को अनुशासित टीम का पुरस्कार दिया गया। अब वेटरन ग्रुप का डिसाइडर मुकाबला रेलवे मास्टर्स और भोपाल मास्टर्स के बीच खेला जाएगा, जिसकी विजेता टीम फाइनल में पहुंचेगी। आईपीसीए की टीम पहले ही फाइनल में जगह बना चुकी है। फाइनल मुकाबला 9 अप्रैल को सुबह 9 बजे से खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here