एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप: नितेश सिवाच ने रजत पदक जीता, ग्रीको-रोमन में भारत की मजबूत मौजूदगी

0

नई दिल्ली : एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में भारतीय ग्रीको-रोमन पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन और पदक अपने नाम किए। नितेश सिवाच ने सिल्वर मेडल जीता, जबकि प्रिंस और सचिन सहरावत ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। यह टूर्नामेंट किर्गिस्तान के बिश्केक में बुधवार को आयोजित किया गया। 97 किग्रा वर्ग के फाइनल में नितेश सिवाच को ईरान के मौजूदा चैंपियन मोहम्मदहादी सरावी के खिलाफ 7-1 से हार का सामना करना पड़ा।

नितेश के लिए यह पिछली बार के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन रहा, क्योंकि उन्होंने पिछले साल इसी वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। उस समय भी सरावी ने ही उन्हें सेमीफाइनल में हराकर बाहर किया था। 82 किग्रा ग्रीको-रोमन वर्ग में प्रिंस ने तुर्कमेनिस्तान के दिदार अम्मानाजारोव को 10-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। 20 वर्षीय भारतीय पहलवान सेमीफाइनल में ईरान के मोहम्मदामीन हुसैनी से हार गए थे, जिसके बाद उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में दमदार वापसी की। वहीं, 67 किग्रा वर्ग में सचिन सहरावत ने लगातार दो मुकाबले जीतकर पोडियम में जगह बनाई। उन्होंने पहले रेपेचेज राउंड में चीन के जी लेंग को 9-4 से हराया और फिर ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में उज्बेकिस्तान के अब्दुमालिक अमीनोव को 6-5 से हराया।

बुधवार को जीते गए इन तीन पदकों के साथ भारतीय ग्रीको-रोमन पहलवानों ने इस महाद्वीपीय चैंपियनशिप में कुल पांच पदक अपने नाम किए। मंगलवार को ललित सहरावत ने 55 किग्रा वर्ग में सिल्वर मेडल जीता था, जबकि सुनील कुमार ने 87 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। बुधवार से महिला फ्रीस्टाइल मुकाबलों की भी शुरुआत हो गई। 50 किग्रा वर्ग में नीलम को क्वार्टरफाइनल में जापान की पूर्व ओलंपिक चैंपियन यूई सुसाकी से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन वह रेपेचेज राउंड में पहुंच गई हैं।

55 किग्रा वर्ग में हंसिका लांबा सेमीफाइनल में चीन की युक्सुआन ली से हार गईं, लेकिन उन्होंने किर्गिस्तान की अरूउके कादिरबेक क्यजी के खिलाफ ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में जगह बना ली है। 59 किग्रा वर्ग में नेहा ने भी ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले के लिए क्वालीफाई किया है, जहां उनका सामना मंगोलिया की बोलोरतुया खुरेलखू से होगा। वहीं, 68 किग्रा और 76 किग्रा वर्ग में मानसी लाठर और काजल को क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। इस महाद्वीपीय चैंपियनशिप में भारत के कुल 30 पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। महिला फ्रीस्टाइल मुकाबलों की शुरुआत बुधवार से हो चुकी है। ओलंपिक मेडलिस्ट अमन सहरावत भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं और वह शनिवार से अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here