CWG 2030: अहमदाबाद में राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियां तेज, गुजरात CM से मिला अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल

0

अहमदाबाद : राष्ट्रमंडल खेलों की सर्वोच्च संस्था कॉमनवेल्थ स्पोर्ट का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 2030 में प्रस्तावित राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों की समीक्षा के लिए बुधवार से गुजरात के चार दिवसीय दौरे पर पहुंचा। अधिकारियों के अनुसार, यह पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल डोनाल्ड रुकारे के नेतृत्व में 8 से 11 अप्रैल तक राज्य में विभिन्न स्थलों का निरीक्षण करेगा। इस दौरे में भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अधिकारी भी शामिल हैं।

पिछले वर्ष नवंबर में आयोजित कॉमनवेल्थ स्पोर्ट की आम सभा में अहमदाबाद को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी का अधिकार सौंपा गया था। इससे पहले भारत 2010 में नई दिल्ली में इन खेलों की सफल मेजबानी कर चुका है। दौरे की शुरुआत गांधीनगर में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से शिष्टाचार भेंट के साथ हुई। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से प्रेरित होकर राज्य सरकार मजबूत टीमवर्क के साथ खेलों के सफल आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि सभी आवश्यक बुनियादी ढांचा और सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख रुकारे और सीईओ केटी सैडलियर ने मुख्यमंत्री को 23 जुलाई से 2 अगस्त तक ग्लासगो में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों का निरीक्षण करने के लिए आमंत्रित किया, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया। अपने दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल नरेंद्र मोदी स्टेडियम, वीर सावरकर खेल परिसर, ईकेए एरिना (अहमदाबाद), वडोदरा क्रिकेट स्टेडियम और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सहित प्रमुख प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here