Nst News, bhopal. मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंडर-13 बॉयज ए.डब्ल्यू. कन्मड़ीकर ट्रॉफी इंटर डिविजनल क्रिकेट टूर्नामेंट में इंदौर और भोपाल डिवीजन के बीच खेला गया दो दिवसीय मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। पीएमसीए क्रिकेट मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में इंदौर डिवीजन ने पहली पारी में बढ़त हासिल कर 3 अंक अपने नाम किए, जबकि भोपाल डिवीजन को 1 अंक से संतोष करना पड़ा।
मैच के दूसरे और अंतिम दिन इंदौर डिवीजन ने अपनी बल्लेबाजी जारी रखते हुए 90 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 335 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इंदौर की ओर से पवित्र पाटिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नाबाद 200 रन की दोहरी शतकीय पारी खेली, जो इस मुकाबले का मुख्य आकर्षण रही। उनके अलावा रूद्र मुकाती ने 45 रन और हरिधान राठौर ने 42 रनों का योगदान दिया।
भोपाल डिवीजन की ओर से गेंदबाजी में आदित्य सोलंकी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए, जबकि खुशवंत और अभिषेक ने 1-1 विकेट लिया। इंदौर की इस मजबूत बल्लेबाजी के चलते टीम ने पहली पारी में 88 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद भोपाल डिवीजन ने अपनी दूसरी पारी की शुरुआत की, लेकिन समय की कमी के कारण मैच का परिणाम नहीं निकल सका। अंतिम दिन का खेल समाप्त होने तक भोपाल ने 8 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 20 रन बना लिए थे।
दोनों टीमों के बीच मुकाबला ड्रॉ रहने के बावजूद इंदौर डिवीजन को पहली पारी में बढ़त के आधार पर 3 अंक दिए गए, जबकि भोपाल डिवीजन को 1 अंक प्राप्त हुआ। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए इंदौर डिवीजन के बल्लेबाज पवित्र पाटिल को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उनकी दोहरी शतकीय पारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।


