Football : एक सीजन में सबसे ज्यादा गोल, बायर्न म्यूनिख ने बनाया नया रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली : बायर्न म्यूनिख ने जर्मन फुटबॉल लीग बुंडेसलिगा में इतिहास रचते हुए एक सत्र में सर्वाधिक गोल करने का अपना ही 54 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। लियोन गोरेत्जका के गोल के साथ टीम ने इस सीजन में 102 गोल पूरे कर लिए, जो एक नया कीर्तिमान है। इससे पहले 1971-72 सीजन में बनाए गए 101 गोल का रिकॉर्ड भी बायर्न म्यूनिख के नाम ही था, जिसे अब पीछे छोड़ दिया गया है।

बायर्न ने इस मैच में सेंट पाउली को उसके घरेलू मैदान पर 5-0 से करारी शिकस्त दी। इस जीत से बायर्न ने रियाल मैड्रिड के खिलाफ होने वाले चैंपियंस लीग मैच के लिए अपनी तैयारी का पुख्ता सबूत भी पेश किया और बोरुसिया डॉर्टमुंड पर 12 अंकों की बढ़त बनाकर बुंडेसलिगा में खिताब जीतने की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया। प्रतियोगिता में अभी पांच दौर के मैच खेले जाने बाकी हैं। जमाल मुसियाला ने नौवें मिनट में हेडर से गोल करके फ्रैंज बेकेनबॉयर और गेर्ड मुलर की मौजूदगी वाली बायर्न की 1971-72 की टीम के 101 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी की। गोरेत्जका ने 53वें मिनट में वॉली से गोल करके रिकॉर्ड तोड़ दिया।

इसके ठीक एक मिनट बाद माइकल ओलिस ने गोलों की संख्या 103 तक पहुंचा दी। इसके बाद निकोलस जैक्सन ने बायर्न के लिए चौथा गोल दागा, जबकि राफेल गुएरेइरो ने इस सीजन में टीम के गोलों का आंकड़ा 105 तक पहुंचा दिया। शानदार प्रदर्शन के दम पर बायर्न म्यूनिख 29 मैचों में 76 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर काबिज है, जबकि डॉर्टमुंड 29 मैचों में 64 अंक लेकर दूसरे स्थान पर बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here