भोपाल। भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम की एशिया कप तैयारी के तहत 19 अप्रैल से 25 मई 2026 तक भोपाल स्थित साई सेंटर में सब-जूनियर राष्ट्रीय कोचिंग कैंप आयोजित किया जाएगा। यह कैंप जापान के काकामिगहारा में 29 मई से 6 जून तक होने वाले अंडर-18 एशिया कप को ध्यान में रखते हुए लगाया जा रहा है।
हॉकी इंडिया द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 16वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप (राजगीर, बिहार) में प्रदर्शन के आधार पर 40 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। कैंप के दौरान एक सप्ताह बाद खिलाड़ियों की संख्या घटाई जाएगी और चयन प्रक्रिया के बाद गैर-चयनित खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया जाएगा।
मध्यप्रदेश के छह खिलाड़ियों को भी इस कैंप में जगह मिली है। चयनित खिलाड़ियों को साई सेंटर, भदभदा रोड, भोपाल में कोच सरदार सिंह को रिपोर्ट करना होगा।
खिलाड़ियों को कैंप में शामिल होने के लिए वैध पासपोर्ट, नोटराइज्ड एफिडेविट और अभिभावकों के पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। कैंप के दौरान बिना पूर्व अनुमति के अवकाश नहीं दिया जाएगा और खिलाड़ियों को अपनी फिटनेस तथा किसी भी चोट की जानकारी पहले से देनी होगी।
हॉकी इंडिया ने यह भी स्पष्ट किया है कि खिलाड़ियों को यात्रा के लिए एसी टू-टियर श्रेणी का किराया दिया जाएगा, जिसका भुगतान मूल टिकट जमा करने पर किया जाएगा।


