नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के 25वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को पांच विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम टॉप 4 में पहुंच गई है। वहीं केकेआर को अपने छठे मैच में पांचवीं हार का सामना करना पड़ा और टीम अब भी पहली जीत की तलाश में 10वें, यानी आखिरी स्थान पर बनी हुई है। दूसरी ओर, शानदार फॉर्म में चल रहे गिल के नाम ऑरेंज कैप भी आ गई है।
अब गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों का दोनों कैप पर कब्जा हो गया है। ऑरेंज कैप लीडरबोर्ड में शुभमन गिल 251 रनों के साथ शीर्ष पर हैं। वहीं टीम के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा 11 विकेट के साथ पर्पल कैप सूची में नंबर 1 गेंदबाज बने हुए हैं। गुजरात की टीम अब अंकतालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। इस जीत के चलते सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स को एक-एक स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है।