नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में शनिवार (18 अप्रैल) को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले से पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने डेविड पेन के विकल्प का ऐलान कर दिया है। पेन की जगह 2 करोड़ रुपये में दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी को टीम में शामिल किया गया है। कोएत्जी इससे पहले आईपीएल में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके हैं और निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी करने की क्षमता भी रखते हैं।
इंग्लैंड के 35 साल के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज डेविड पेन टखने की चोट के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो गए। उन्होंने पहले दो मैचों में पांच ओवर में 70 रन दिए। पेन खुद सनराइजर्स की टीम में ऑस्ट्रेलिया के जैक एडवर्ड्स की जगह आए थे, जो पैर की चोट के कारण टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही बाहर हो गए थे।
गेराल्ड कोएत्जी का आईपीएल में अब तक का प्रदर्शन
कोएत्जी ने मार्च में साउथ अफ्रीका के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में हिस्सा लिया था। चौथे मैच में उन्होंने 31 रन देकर 3 विकेट लिए थे और साउथ अफ्रीका की जीत में योगदान दिया था। आईपीएल की बात करें तो मुंबई इंडियंस के लिए 10 मैचों में 13 विकेट लिए। गुजरात टाइटंस के लिए 4 मैच में 2 विकेट लिए।
ब्रायडन कार्स भी हुए बाहर
गेराल्ड कोएत्जी के टीम में शामिल होने और कप्तान पैट कमिंस के फिट होने से सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी और मजबूत नजर आ रही है। वहीं इंग्लैंड के ऑलराउंडर ब्रायडन कार्स हाथ की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और वह एक भी मैच नहीं खेल पाए। उनकी जगह श्रीलंका के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका को टीम के स्क्वॉड में शामिल किया गया है।


