नई दिल्ली : दो टूटी अंगुलियां, लगातार हार का दबाव और सीजन की पहली जीत की तलाश। इन सबके बीच वरुण चक्रवर्ती ने रविवार 19 अप्रैल को ऐसा प्रदर्शन किया जिसने कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) की डूबती उम्मीदों को किनारे लगा दिया। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के बाद उनका खुलासा चौंकाने वाला था। वर पूरे सीजन दो फ्रैक्चर के साथ खेल रहे हैं। दर्द के बावजूद 3/14 की प्रभावशाली गेंदबाजी और अहम मौकों पर विकेट निकालकर उन्होंने न सिर्फ मैच पलटा, बल्कि KKR को सीजन की पहली जीत भी दिला दी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वरुण चक्रवर्ती के लिए पिछला कुछ समय बहुत अच्छा नहीं रहा है। आईसीसी T20 विश्व कप में भी उन्हें मजबूत टीमों के खिलाफ संघर्ष करते देखा गया था। वह पूरी तरह से फिट भी नहीं थे, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और खेलना जारी रखा। गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछले मैच में दो विकेट लेने के साथ ही उनकी किस्मत का पहिया घूमता नजर आया। तीन मैचों में कोई विकेट न लेने के बाद यह इस सीजन में उनके पहले विकेट थे।
वरुण चक्रवर्ती के बाएं हाथ में दो फ्रैक्चर, फिर भी जारी रखा खेल
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैच के बाद वरुण चक्रवर्ती ने बताया, ‘‘पहले मैच से ठीक पहले ही मेरी एक अंगुली में फ्रैक्चर हो गया था। फिर एक और मैच के दौरान दूसरी अंगुली भी टूट गई। बाएं हाथ में, कुल दो फ्रैक्चर।’’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वरुण चक्रवर्ती ने बताया, ‘‘मैं अपने बाएं हाथ का इस्तेमाल ही नहीं कर पा रहा था, इसलिए फील्डिंग करने का तो सवाल ही पैदा नहीं होता था। मैं अब भी किसी तरह काम चला रहा हूं, लेकिन इसमें थोड़ा दर्द जरूर होता है।’’
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए IPL 2026 किसी डरावने सपने जैसा
तीन IPL खिताब जीतने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल 2026 किसी बुरे सपने जैसा बनता जा रहा था। वे सोचने लगे होंगे कि उनकी पहली जीत आखिर कब आएगी। रविवार का नतीजा उनके लिए एक बड़ी राहत बनकर आया। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में उतरने से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के खाते में पांच हार थीं। ऐसे में इस मिस्ट्री स्पिनर और उनके साथी सुनील नरेन को जीत दिलाने के लिए मेहनत करनी पड़ी।
गेंदबाजों के लिए मददगार पिच पर वरुण चक्रवर्ती ने चार ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट लिए। इसमें युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का विकेट भी शामिल था। उनकी इस शानदार गेंदबाज़ी ने 81 रन की सलामी साझेदारी के बाद मेहमान टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। वहीं, त्रिनिदाद के सुनील नरेन ने 26 रन देकर 2 विकेट लिए और विपक्षी टीम को 155 रन पर रोक दिया।
ड्रेसिंग रूम में दिखा भावुक पल
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वरुण चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘यह जीत बहुत, बहुत ज्यादा अहम है। मैं आपको बता सकता हूं कि आज ड्रेसिंग रूम में मैंने कई लोगों की आंखों में आंसू देखे, जो हमने उस साल भी नहीं देखे थे जब हम जीते थे यानी 2024 में, जब हमने IPL का खिताब जीता था।’’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वरुण चक्रवर्ती ने अपनी गेंदबाजी में किसी भी तरह की खामी को नकारते हुए कहा, ‘‘मैंने आज तीन विकेट लिए हैं, इसलिए मैं कोई बड़ा बयान नहीं देना चाहता। खेल का यही नियम है। अगले मैच में अगर पिच में कोई मदद नहीं मिली, तो हर स्पिनर के साथ ऐसा ही होगा।
जैसा कि आपने देखा, शुरुआत में हर स्पिनर संघर्ष कर रहा था। खेल ऐसा ही होता है।’’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 34 वर्षीय वरुण चक्रवर्ती ने कहा, “जब पिचें धीमी होने लगती हैं, तब हम गेंदबाज खेल में वापसी करते हैं और ज्यादा प्रभावी हो जाते हैं। यह खेल का स्वाभाविक नियम है और इसे बदला नहीं जा सकता, इसलिए मैं इस पर ज्यादा ध्यान नहीं देता।” मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने आगे कहा, “मुझसे कोई खास गलती नहीं हो रही थी, यह परिस्थितियों और पिच का असर था। मैं खुद पर काफी सख्त रहता हूं—अगर प्रदर्शन अच्छा नहीं होता, तो मैं बैठकर यह समझने की कोशिश करता हूं कि आखिर कमी कहां रह गई।”


