नई दिल्ली : आईपीएल 2026 में संजू सैमसन के बाद तिलक वर्मा शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने सोमवार (20 अप्रैल 2026) को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 45 गेंदों पर 101 रन की नाबाद पारी खेली। यह तिलक का आईपीएल में पहला शतक भी रहा। अब तक यह सीजन उनके लिए फीका साबित हो रहा था और मुंबई इंडियंस भी लगातार हार का सामना कर रही थी। लेकिन जैसे ही तिलक का बल्ला चला, मुंबई की किस्मत भी बदल गई और टीम ने गुजरात को 99 रन से हराकर बड़ी जीत दर्ज की।
इस शतक के साथ सबसे तेज शतक लगाने के मामले में तिलक वर्मा अब इशान किशन और मयंक अग्रवाल की बराबरी करते हुए, संयुक्त रूप से पांचवें सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बने। अगर भारत के लिए आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाजों की बात करें तो 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी इस लिस्ट में नंबर 1 पर काबिज हैं। वहीं अभिषेक शर्मा और प्रियांश आर्या भी इस सूची में टॉप 5 का हिस्सा हैं। इसके अलावा विराट कोहली और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गज भारतीय बल्लेबाजों के नाम भी इस लिस्ट में शामिल हैं। जबकि ओवरऑल दुनिया भर के खिलाड़ियों की सूची में तिलक वर्मा का यह शतक संयुक्त रूप से आईपीएल इतिहास का 10वां सबसे तेज शतक रहा।
IPL में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज
| खिलाड़ी | गेंद | बनाम | साल |
| वैभव सूर्यवंशी | 35 | गुजरात टाइटंस | 2025 |
| युसुफ पठान | 37 | मुंबई इंडियंस | 2010 |
| प्रियांश आर्या | 39 | चेन्नई सुपर किंग्स | 2025 |
| अभिषेक शर्मा | 40 | पंजाब किंग्स | 2025 |
| मयंक अग्रवाल | 45 | राजस्थान रॉयल्स | 2020 |
| इशान किशन | 45 | राजस्थान रॉयल्स | 2025 |
| तिलक वर्मा | 45 | गुजरात टाइटंस | 2026 |
| मुरली विजय | 46 | राजस्थान रॉयल्स | 2010 |
| विराट कोहली | 47 | पंजाब किंग्स | 2016 |
| वीरेंद्र सहवाग | 48 | डेक्कन चार्जर्स | 2011 |


