नई दिल्ली : आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अब तक कुछ भी खास नहीं रहा है। टीम सीजन की शुरुआत से ही लगातार चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही है। नाथन एलिस और खलील अहमद को फ्रेंचाइजी पहले ही पूरे टूर्नामेंट के लिए गंवा चुकी थी। अब आयुष म्हात्रे, जिन्होंने पिछले 6 मैचों में दो अर्धशतक लगाए थे, वह भी पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। मंगलवार (21 अप्रैल 2026) को फ्रेंचाइजी ने एक्स (X) पर पोस्ट कर इसकी आधिकारिक पुष्टि की। हालांकि अभी तक उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया गया है।
फ्रेंचाइजी ने इसकी जानकारी देते हुए एक्स (X) पर पोस्ट किया और लिखा, “आयुष म्हात्रे आईपीएल 2026 के बचे हुए मुकाबलों से भी बाहर हो गए हैं। उनके बाएं पैर में हैमस्ट्रिंग इंजरी 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान हुई थी। उन्हें रिकवरी और रिहैबिलिटेशन के लिए 6 से 12 हफ्तों का समय चाहिए होगा। हम उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।”
आयुष म्हात्रे का बाहर होना सीएसके के लिए बड़ा झटका
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान आयुष म्हात्रे चोटिल हो गए थे। इसके बाद उन्हें फिजियो टॉमी सिम्सेक के साथ मैदान से बाहर जाते हुए देखा गया। सोमवार को उनकी चोट की जांच के लिए स्कैन कराया गया, जिसकी रिपोर्ट में उनकी चोट गंभीर पाई गई। इसके बाद अब उनके पूरे सीजन से बाहर होने की पुष्टि हो गई है। सीएसके पहले से ही इस सीजन छह में से चार मुकाबले हारकर संघर्ष कर रही है। ऐसे में फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज आयुष म्हात्रे, जिन्होंने पिछले पांच मैचों में दो अर्धशतक लगाए थे, का बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
आयुष म्हात्रे ने इस सीजन अब तक 6 पारियों में 201 रन बनाए थे। वहीं आउट ऑफ फॉर्म चल रहे कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ भी टीम के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। ऐसे में आयुष का पूरे सीजन से बाहर होना चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बीच सीजन में बड़ा झटका माना जा रहा है। अब तक फ्रेंचाइजी के तीन प्रमुख खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। वहीं फैंस को एमएस धोनी की वापसी का अभी भी बेसब्री से इंतजार है।


